क्षेत्र गांव चमराड़ा में कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में लगी आग में एक व्यक्ति जिंदा जल गया। मृतक की पत्नी अपनी छह माह की बच्ची के साथ मायके गई थी, और वह घर पर अकेला था। ग्रामीणों को भी रात की घटना का दोपहर बाद पता चला। थाना इसराना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवा दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार थाना इसराना के अंतर्गत गांव चमराड़ा में मनोज उर्फ बाबूराम (27) बुधवार दोपहर बाद अपने मकान के कमरे में मृत मिला। कमरे का सारा सामान जला हुआ था। थाना इसराना प्रभारी सुरेश पाल सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कमरा खुलवाकर शव को शवगृह में रखवाया और उसकी पत्नी को सूचना दी।
उसकी पत्नी चुलकाना गांव स्थित अपने मायके से लौटी। पुलिस को दिए बयान में मृतक की पत्नी राजवंती ने बताया कि वह कुछ दिन पहले अपने मायका चली गई थी। आशंका जताई जा रही है कि बीड़ी के जलाने से आग भड़क गई और कमरे में रखे सामान ने आग पकड़ ली। जिसमें सारा सामान जल गया। पड़ोस के लोगों ने बताया कि वह सुबह नहीं उठा तो उनको अल सुबह ही उसके काम से बाहर जाने की समझी, लेकिन दोपहर बाद तक दरवाजा इसी तरह से बंद रहने पर उनको आशंका हुई और दरवाजा के पास जाकर देखा तो अंदर कुछ जलता हुआ दिखाई दिया। थाना इसराना प्रभारी सुरेश पाल ने बताया कि चमराड़ा गांव में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में आग लगने से मौत हुई है। पुलिस ने शव को शवगृह में रखवा दिया है और वीरवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।