अटावला गांव में एक अधेड़ व्यक्ति की सिर में ईंट मारकर हत्या कर दी। हमलावरों ने शव की पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर भी ईंट से वार किए और उसका शव गांव से अहर जाने वाली सड़क पर स्थित शराब के ठेके के नजदीक खेतों में फेंक दिया।
पुलिस ने एफएसएल की मदद से नमूने उठाए हैं। थाना मतलौडा पुलिस ने बेटे के बयान पर अज्ञात पर हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपकर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अटावला गांव साहबन (55) का शव सोमवार सुबह ग्रामीण सुरेश के खेत में पड़ा मिला। सुरेश की सूचना पर परिजन व पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर शवगृह में रखवा दिया और परिजनों के बयान दर्ज किए।
अटावला निवासी प्रवीण ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका पिता साहबन सिंह गांव में ही मजदूरी करता है। परिजनों ने बताया कि वह रविवार शाम तक गांव में ताश खेल रहा था और उसके बाद खाना खाकर घर से फिर बाहर आ गया।
वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसको कई जगह तलाश किया, लेकिन उसका कहीं पर भी सुराग नहीं मिल सका। इसके बाद मतलौडा थाना प्रभारी धर्मबीर खर्ब व डीएसपी बली सिंह मौके पर पहुंचे। उसके चेहरे व सिर पर ईंट के निशान हैं।
पुलिस को उसको पहचानने में दिक्कत आ रही थी। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से शव की शिनाख्त करवाई तो वह गांव के ही साहबन का शव मिला। पुलिस ने एफएसएल की मदद से नमूने उठाए। परिजनों ने बताया कि अटावला से अहर सड़क पर शराब का ठेका है
उसके नजदीक खेतों में बने कमरे के पास साहबन की चप्पल व खून के निशान मिले हैं। पुलिस ने आशंका जताई है कि उसकी हत्या वहीं पर की गई और फिर शव को घसीटकर दूर खेतों में ले जाने का प्रयास किया।
पुलिस को अटावला गांव के खेतों में एक व्यक्ति की हत्या कर शव फेंकने की सूचना मिली थी। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या व शव को खुर्द बुर्द करने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और मामले में जांच शुरू कर दी है।
धर्मबीर सिंह, प्रभारी, थाना मतलौडा।