मोतीराम कॉलोनी निवासी निजी अस्पताल के कंपाउंडर जसबीर उर्फ बिट्टू की पलवल में बुलाकर हत्या कर दी थी और सोनीपत के गांव नाथुपुर के पास ड्रेन नंबर-आठ में शव फेंक दिया था। प्राथमिक जांच में हत्या का कारण महिला के साथ अवैध संबंध बताए गए हैं। महिला के पति ने अपनी पत्नी को बोलकर ही जसबीर को मिलने को बुलाया था।
यहां पर उसकी पीट-पीटकर कर दी थी। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है और ड्रेन नंबर आठ में शव की तलाश शुरू कर दी है। एसपी राजेश दुग्गल ने दो डीएसपी के साथ मौके पर पहुंचकर सर्च अभियान का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
विदित है कि शहर की मोतीराम कॉलोनी निवासी जसबीर उर्फ बिट्टू मॉडल टाउन स्थित एक अस्पताल में कंपाउंडर था। वह 22 अक्तूबर को घर से अस्पताल में आया था, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं गया। परिजनों ने थाना मॉडल टाउन पुलिस में इसकी शिकायत दी। थाना पुलिस ने इसमें गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
पुलिस को जसबीर के मोबाइल की आखिरी कॉल पलवल में मिली और इस आधार पर जांच की। इसी बीच परिजनों ने एसपी से मिलकर पलवल निवासी रीना व उसके पति नरेंद्र पर शक जताया। पुलिस ने महिला रीना व उसके पति से पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि नरेंद्र ने अपनी पत्नी रीना व अन्य नजदीकी जानकारों के साथ मिलकर जसबीर उर्फ बिट्टू की हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया और उससे पूछताछ तेज की। नरेंद्र ने पुलिस को बताया कि जसबीर के उसकी पत्नी रीना के साथ अवैध संबंध थे। उसने जसबीर व रीना को कई बार समझाया, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। उसने रीना को विश्वास में लिया और फोन कर जसबीर को पलवल बुला लिया। यहां पर जहबीर की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी और उसके शव को सोनीपत के नाथुपुर स्थित ड्रेन नंबर आठ में शव फेंक दिया।
एसपी भी बुधवार को मौके पर पहुंचे
थाना मॉडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार बुधवार को ही शव की तलाश में नाथुपुर स्थित ड्रेन नंबर आठ में शव की तलाश में पुलिस बल के साथ पहुंच गए। इसी बीच परिजनों ने बुधवार को डीसी व एसपी को एक बार फिर गुहार लगाई। एसपी राजेश दुग्गल ने परिजनों को उचित कार्रवाई करने का भरोसा दिया था।
एसपी राजेश दुग्गल बुधवार को डीएसपी मुख्यालय जगदीप दूहन व डीएसपी आत्माराम लांबा के साथ नाथुपुर ड्रेन पर पहुंचे और पूरी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने थाना पुलिस व दूसरी जांच एजेंसियों को मामले को गंभीरता से लेकर खुलासा जल्द करने के आदेश दिए।
जसबीर निवासी मोतीराम कॉलोनी की हत्या कर शव सोनीपत के नाथुपुर स्थित ड्रेन नंबर-आठ में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी नरेंद्र निवासी पलवल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है। पुलिस ड्रेन में गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कर रही है।
अमित कुमार, प्रभारी, थाना मॉडल टाउन पानीपत।