जिले में बढ़ रहे अपराध पुलिस के लिए ‘नासूर’ बन गए हैं। पिछले 20 दिनों में जिले में 10 चोरी एवं तीन लूट की वारदातें हुई। इनमे से किसी भी वारदात का खुलासा नहीं हुआ है। इन्हीं सबके बीच शुक्रवार अलसुबह चोर इंसार बाजार में एक किरयाना की एक दुकान का शटर तोड़कर गल्ले से हजारों रुपये की नगदी उड़ा ले गए। पुलिस दुकानों मे लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को शीघ्र पकड़ने का दावा कर रही है। वहीं शहर में बढ़ रहे अपराध से शहरवासियों में रोष है।
सुखदेव नगर निवासी रूबल गुलाटी ने बताया कि उसकी इंसार बाजार में करियाना की दुकान है। वह वीरवार रात साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर घर आ गया। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे सुखदेव नगर निवासी मनोहर लाल ने उसे फोन पर बताया कि वह सुबह की सैर पर जा रहा था। उसकी किरयाना स्टोर के बाहर एक वैन खड़ी थी, जिसमें एक युवक बैठा था। दुकान के अंदर और भी कई लोग थे। मनोहर के शोर मचाने पर उक्त लोग वहां से भाग गए।
दस मिनट में तीस हजार साफ किए
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चार बदमाशों ने सुबह 5:07 बजे रॉड से दुकान के शटर को उखाड़ा। एक युवक वैन में बैठा रहा, जबकि दो युवक दुकान के बाहर ही खड़े रहे। वहीं दो युवक 5:11 बजे दुकान के अंदर आए और गल्ले से 30 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली।
सभी की उम्र 24 से 26 साल के बीच लग रही थी। 5:17 पर चोर वारदात को अंजाम देकर भाग गए। दुकानदारों की सूचना पर थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जांच कर दुकानदारों के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
20 दिन में हुई प्रमुख घटनाएं
- तीन जून को सनौली के गांव ताहरपुर और संजौली में चोरों ने मकानों में घुसकर लाखों रुपये की चोरी कर ली।
-तीन जून की रात चोरों ने सेक्टर 17 में डॉक्टर के घर को निशाना बनाकर 15 हजार रुपये की नकदी व सोने चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।
-सात जून को फतेहपुरी चौक पर एक महिला का पर्स छीनकर भाग रहे दो झपटमारों को लोगों ने दबोचकर पुलिस के हवाले किया।
-सात जून को इसराना-मांडी रोड पर बदमाशों ने बीमा एंजेट से पिस्तौल के बल पर नकदी व कार लूटी।
-आठ जून को गांव सुताना में बहन के घर जा रहे युवक का बदमाश ने चाकू के बल पर पर्स लूटा।
-दस जून को लघु सचिवालय के पास रोहतक के कपड़ा कारोबारी की कार से 80 हजार रुपये चोरी कर ले गए। कपड़ा कारोबारी कार को साइड में लगाकर स्टेपनी चेंज कर रहा था।
-15 जून को लाल बत्ती पर अजय कुमार निवासी अर्जुन नगर से बदमाशों ने रिक्शा, नकदी व मोबाइल फोन लूटा। बदमाश रिक्शा चालक की पिटाई कर भाग गए।
-16 जून की रात को गांधी मंडी से 450 सेट टॉप बाक्स चोरी कर लिए।
-17 जून को सेक्टर 29 पार्ट टू में चोरों ने फैक्टरी के दफ्तर में घुसकर दो लैपटॉप व दो सीसीटीवी कैमरे चोरी कर लिए।
-18 जून को चोरों ने मॉडल टाउन में करतार शाह नगर में उद्योगपति के घर में घुसकर 15 हजार रूपये नकद व लाखों रूपये के सोने के जेवरात चोरी कर लिए।
21 जून की रात चोरों ने सेक्टर छह में एक डॉक्टर के घर को निशाना बनाकर 15 लाख रूपये नकद चोरी कर लिए।
इंसार बाजार स्थित करियाणा के एकस्टोर में चोरों ने शटर उखाड़कर चोरी की है। चोरों की हरकतें सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने दुकानदारों के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर पानीपत।