हाथरस। कृषि उत्पादन मंडी समिति के सभापति और एसडीएम सदर केहरी सिंह के निर्देशन में शुक्रवार को मंडी के सचल दल ने मंडी शुल्क की चोरी कर आने-जाने वाले वाहनों की चेकिंग के लिए अभियान चलाया। टीम ने सासनी-इगलास मार्ग से मंडी शुल्क चोरी कर ले जाया जा रहे 67.50 किलो देसी घी से लदा एक ट्रक पकड़ा है। इसकी कीमत 22.95 लाख रुपये बताई जा रही है। मंडी सभापति ने इस पर दो लाख रुपये जुर्माना एवं 57,375 रुपये मंडी शुल्क निर्धारित किया है।
मंडी सचिव ब्रजपाल सिंह के नेतृत्व में मंडी सचल दल राजमार्गों पर चेकिंग कर रहा था। इस दौरान सचल दल को सासनी-इगलास रोड पर मंडी शुल्क चोरी का घी जाने की सूचना मिली। मंडी सचिव के नेतृत्व में सचल दल ने ट्रक संख्या आरजे 05-एबी 8702 को रोककर इसके कागजात चेक किए। इस दौरान ड्राइवर ने बताया कि वह इस घी
को भरतपुर (राजस्थान) लेकर जा रहा था। उसके पास मंडी शुल्क से संबंधित कोई कागजात नहीं थे। मंडी के सचल दल ने इस ट्रक को मंडी में लाकर खड़ा कर लिया।
भोले बाबा मिल्क फूड प्रोडक्ट इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड अलीगढ़ के स्वामी ने टैक्स चोरी की बात स्वीकार की। इसके बाद मंडी प्रशासन ने जुर्माना और मंडी शुल्क वसूले जाने के बाद वाहन को उसके मालिकों के सुपुर्द कर दिया।