। मुंबई से अपने तीन बच्चों के साथ पानीपत कच्चा कैंप बेगम लेने पहुंचे एक व्यक्ति के साथ मारपीट कर तीस हजार रुपये छीनने का मामला सामने आया है। व्यक्ति का आरोप है कि उसने इस मामले की शिकायत थाना सदर पुलिस को दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करने की बजाश्, उसके साथ ही मारपीट कर दी। न्याय न मिलने से परेशान व्यक्ति दो दिन से धक्के खा रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार मुंबई के रायगढ़ निवासी मोहम्मद साजिद अंसारी अपने तीन बच्चों के साथ चार मई को पानीपत पहुंचा। साजिद अंसारी ने बताया कि कुछ माह पहले पानीपत कच्चा कैंप निवासी अजगर अपनी पत्नी रिहाना के साथ मुंबई में आया था। वह कुछ दिन उसके पास रुका। रिहाना अपने पति की अंदरुनी बीमारी का इलाज करवाने पहुंची थी। साजिद ने बताया कि उन लोगों के मुंबई से आने के बाद उसकी रिहाना के साथ लगातार फोन पर बातें होती रही। रिहाना के पति अजगर ने रिहाना के साथ उसका निकाह पढ़वाने की बात कहकर उसे पानीपत बुलाया था। वह चार मई को अपने तीन बच्चों महक, खुशबू व साजिब के साथ पानीपत पहुंचा था। अजगर ही उसे लेने के लिए स्टेशन पर आया। अजगह उन्हें अपने घर ले गया। जहां उसकी खूब सेवा की। आरोप है कि रात को अजगर ने उसके साथ मारपीट की और उससे तीस हजार रुपये छीन लिए। वह रात को ही अपने तीनों बच्चों के साथ उसके घर से जान बचाकर भाग निकला। साजिद का कहना है कि उसने इसकी शिकायत थाना सदर में भी दी थी, लेकिन पुलिस ने उसकी शिकायत पर भी कोई कार्रवाई नहीं की।
इस बारे में थाना सदर प्रभारी चंद्र मोहान ट्रेनी आईपीएस ने बताया कि इस प्रकार की कोई शिकायत मेरे पास नहीं आई है। वारदात अगर कच्चे कैंप में हुई है तो एरिया मॉडल टाउन थाने के अंतर्गत आता है।