पानीपत के चौटाला रोड पर गांव डाडौला के पास सुबह 3 बजे युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब खुलासा हुआ है कि हत्या मृतक के चचेरे भाई ने ही की थी। हत्या के बाद आरोपी ने खुद डायल 112 पर फोन कर वारदात की सूचना दी थी। पुलिस ने पूछताछ की तो चचेरे भाई ने लूटपाट की झूठी कहानी सुनाई। शक के आधार पर सीआईए-2 चचेरे भाई से गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने कबूल लिया कि उसी ने गोली मारकर हत्या की है। जिसके बाद सीआईए ने आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
खून से सने कपड़े देख पुलिस को हुआ शक
पुलिस सूत्रों के अनुसार गालिब ने वारदात के बाद डायल 112 पर फोन कर हत्या की सूचना दी थी पुलिस मौके पर पहुंची तो गालिब के कपड़े खून से सने हुए थे। जिसके बाद पुलिस को गालिब पर शक हुआ और पूछताछ के लिए उसे सीआईए दफ्तर ले जाया गया।
दूसरे भाइयों पर भी घूम सकती है पुलिस की सुई
सूत्रों के अनुसार, आपसी रंजिश के चलते नाजिम की चचेरे भाई ने हत्या की है। पुलिस रंजिश का पता लगाने के लिए पूछताछ कर रही है। इस मामले में पुलिस की सुई मृतक के भाइयों की तरफ भी घूम सकती है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवाया गया है। परिजनों की तरफ से अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है। फिलहाल पुलिस चचेरे भाई गालिब और मृतक के भाइयों से पूछताछ कर रही है। - इंस्पेक्टर अंकित नांदल, सेक्टर 29 थाना प्रभारी