अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीआईए-थ्री ने सेक्टर 11/12 स्थित एक मकान से आईपीएल मैच पर सट्टा लगाते तीन आरोपियों को दबोचा है। आरोपी रविवार देर रात कोलकाता नाइट राइडर्स और रॉयल चैलेंजर्स बंगलूरू के बीच हो रहे मैच पर सट्टा लगा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 51 मोबाइल फोन, एक टीवी और 18 हजार 300 रुपये बरामद किए हैं। थाना चांदनी बाग में केस दर्ज कर आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेशकर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीआईए-थ्री टीम प्रभारी सब इंस्पेक्टर छबील सिंह ने बताया कि रविवार देर शाम उन्हें सूचना मिली कि थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत सेक्टर-11/12 के एक मकान में कुछ लोग आईपीएल के मैच पर सट्टा लगा रहे हैं। इस पर टीम ने बताए गए मकान पर दबिश दी। वहां से पुलिस टीम ने दो आरोपियों को मैच पर सट्टा खिलवाते काबू किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान तेज कॉलोनी, तहसील कैंप निवासी सन्नी और मोहर सिंह चौक निवासी साहिल के रूप में की। उनके कब्जे से 51 मोबाइल फोन, एक टीवी और 18 हजार 300 रुपये बरामद हुए हैं। आरोपियों के खिलाफ थाना चांदनी बाग में केस दर्ज कर पूछताछ की तो उन्होंने गिरोह में शामिल तीसरे साथी राजीव कॉलोनी निवासी राजकुमार उर्फ सोनू का नाम बताया। पुलिस ने सोमवार सुबह सोनू को कलंदर चौक के पास से पकड़ लिया। पुलिस ने तीनों को सोमवार को अदालत में पेश किया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
किराए पर ले रखा था कमरा
आरोपियों ने सेक्टर 11/12 के मकान में एक कमरा किराए पर लिया था। कमरे से ही आरोपी सट्टे को कंट्रोल करते थे। आरोपी यहीं बैठकर फोन से पानीपत और आस-पास के जिलों में सट्टा खेलने वालों के संपर्क में रहते थे। बताया जा रहा है कि तीनों आरोपियों के तार अन्य जिलों से भी जुड़े हो सकते हैं। पुलिस इसकी जांच कर रही है।