हरियाणा में पानीपत जिला पुलिस ने कानों से बालियां झपटने की वारदात को अंजाम देने वाले अंतर राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है । प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से पानीपत की दो और यूपी की चार वारदातों को खुलासा हुआ। आरोपियों ने बताया कि वह अकेली महिलाओं को अपना निशाना बनाते थे।
कॉलेज, सुनसान गली के आस-पास अपनी वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस से बचने के लिए वह यूपी में वारदात कर हरियाणा आ जाते थे और हरियाणा में वारदात कर यूपी भाग जाते थे। पुलिस ने गहनता से पूछताछ करने के लिए आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
एएसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि 31 मई को थाना तहसील कैंप क्षेत्र व थाना सेक्टर 29 क्षेत्र में अज्ञात बाइक सवार आरोपी गली में पैदल जा रही दो महिलाओं के कानों से बालियां झपट कर फरार हो गए थे। पुलिस मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की धरपकड़ में जुटी हुई थी।
रविवार को गुप्त सूचना मिली कि बबैल पुल गंदा नाला के पास एक डिस्कवर बाइक पर दोनों आरोपी घूम रहे हैं। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपी युवकों को काबू कर पूछताछ की तो उन्होंने अपनी पहचान मोसिन पुत्र सलीम व सलमान पुत्र सलीम निवासी कैराना शामली यूपी के रूप में बताई।
गहनता से पूछताछ करने पर आरोपियों ने जिले में कानों से बाली स्नैचिंग की उक्त दोनों वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। इसके अतिरिक्त यूपी के शामली में स्नेचिंग की चार अन्य वारदातों को अंजाम देने का भी खुलासा किया। गहनता से पूछताछ करने व झपटी गई बालियां बरामद करने के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हे दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मजदूरी में शौक पूरे नहीं हुए तो स्नेचिंग का रास्ता अपनाया
आरोपी मौसिन और सलमान से पूछताछ में खुलासा हुआ कि मौसिन पेंटर का काम करता है, जबकि सलमान मेहनत मजदूरी करता है। मजदूरी कर मिले रुपयों में उनके शौक पूरे नहीं हो पाते थे। दोनों नशा करने के आदी बताए जा रहे हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो दोनों आरोपियों ने मिलकर स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई।
स्नेचिंग की वारदात को अंजाम देने के लिए डिस्कवर बाइक की चोरी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने के लिए मई में शामली से एक डिस्कवर बाइक चोरी की। आरोपियों ने पहले 25 मई को यूपी के शामली में कॉलेज के पास से महिला की कानों की बालिया झपटी। उसके बाद 31 मई को पानीपत में फतेहपुरी चौक पर शकुंतला व पुराना गोहाना रोड पर मुनेश की कानों की बालियां झपटी। वारदातों को अंजाम दिया, उसके बाद शामली में 3 जून को स्नेचिंग की तीन वारदातों को अंजाम दिया। तीन जून को यूपी के शामली में अलग-अलग जगह से तीन महिलाओं के कानों से बालियां झपटी। आरोपी यूपी में वारदात को अंजाम देकर पानीपत आ जाते थे, फिर पानीपत में वारदात कर यूपी भाग जाते थे।
दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड मिला। आरोपी मोसिन के खिलाफ यूपी कैराना व शामली में चोरी व गिरोहबंदी के सात-आठ मुकदमें दर्ज है। आरोपी मोसिन करीब एक साल पहले सजा पूरी होने पर यूपी की मुजफ्फरनगर जेल से बाहर आया था। वहीं आरोपी सलमान पर लड़ाई झगड़े का एक मामला यूपी के कैराना थाना मे दर्ज है।