हरियाणा के पानीपत में रिसालू रोड पर कृष्णा गार्डन के सामने एक ई- रिक्शा चालक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। ई- रिक्शा चालक अपने एक दोस्त के साथ सेक्टर 29 में रहता था। इसके बाद से उसका पता नहीं चल रहा था। उसकी पत्नी उसकी तलाश कर रही थी। वीरवार सुबह उसका शव मिला। सेक्टर 29 थाना पुलिस ने पत्नी के बयान के आधार पर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस रिसालू रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से हत्यारोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
बिहार के खगड़िया जिले की कन्हैया चौक निवासी पिंकी ने बताया कि वह सेक्टर 29 पार्ट टू में किराए पर रहती है। वह एक फैक्ट्री में श्रमिक है। उसके पति रवीन चौधरी (42) ई-रिक्शा चलाते थे। वह बुधवार सुबह आठ बजे ई-रिक्शा लेकर घर से काम के लिए गए थे। वह देर रात तक घर नहीं लौटे। उसने उसकी तलाश की लेकिन उसका भेद नहीं लगा।
वह अपने पड़ोसी मोनू के पास गई। उसने मोनू से पति रवीन के बारे में पूछा। मोनू ने उसे बताया कि उसके पास रवीन की कॉल आई थी। रवीन ने उसे बताया था कि वह हैंड फेब फैक्ट्री के सामने है। उसके दोस्त की मोटरसाइकिल की चाबी गुम हो गई है। वह उसे वहां पर बुला रहा था लेकिन उसने आने से इंकार कर दिया था।
वह रात भर पति रवीन की तलाश करती रही। जब सुबह तक वह घर नहीं आया तो वह मोनू के साथ उसकी तलाश में रिसालू रोड पर कृष्णा गार्डन के पास पहुंची तो यहां रवीन की ई- रिक्शा खड़ी दिखाई दी। रिक्शा के पास उसके पति का खून से लथपथ हालत में शव पड़ा था। रवीन का धारदार हथियार से गला रेता गया था। यहां सेक्टर 29 थाना पुलिस पहुंच चुकी थी। पुलिस ने पूरे वारदात स्थल का जायजा लिया। एफएसएल ने यहां से नमूने जुटाए और शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में भिजवाया।
सीआईए की टीमें भी जांच में जुटी
वारदात की सूचना पर सीआईए वन, टू व थ्री की टीमें मौके पर पहुंच गई। पुलिस की टीमें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है। रवीन की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। उसकी पत्नी से रवीन के दोस्तों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सेक्टर 29 पुलिस थाना प्रभारी संदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी के बयानों पर अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज कर लिया है। लोगों से पूछताछ की जा रही है। पूरे क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। उम्मीद है कि हत्यारोपी जल्द उनकी गिरफ्त में होगा।