पानीपत सिविल अस्पताल का शवगृह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
पानीपत के मतलौडा थाना क्षेत्र के गांव कवि में एक सिख युवक की हत्या कर शव को रजवाड़े में फेंक दिया गया। स्थानीय लोगों ने शव को देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे रजवाहे के पास से गुजर रहे कुछ युवकों ने शव को देखा। वह पास गए तो मृतक सिख समुदाय का मिला, मृतक के सिर पर चोट लगी हुई थी और सिर से खून बह रहा था। आशंका है किसी ने तेजधार हथियार से सिर पर हमला किया है। उन युवकों ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी। सूचना मिलते ही मतलौडा थाना डीएसपी, थाना प्रभारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। शव को जन सेवा दल की मदद से पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में भिजवाया। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने में जुट गई है।
गोताखोरों को भेजे मृतक के फोटो
जन सेवा दल के सदस्य कपिल मल्होत्रा ने बताया कि मृतक के फोटो गोताखोर प्रकट सिंह, आशु मलिक आदि को शिनाख्त करने के लिए भेजे गए हैं, वही पुलिस भी सोशल मीडिया की मदद से मृतक के परिजनों की तलाश में जुट गई है। दूसरी टीम आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पानीपत में नहीं थम रहा अज्ञात शवों के मिलने का मामला
पानीपत में पिछले छह दिन में सात अज्ञात शव मिल चुके हैं, जिनमें दो हत्याएं शामिल है। अब तक किसी भी अज्ञात शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है, ऐसे में पानीपत के सामान्य अस्पताल के शव गृह में भी शव रखने की जगह नहीं बची है।