हरियाणा के पानीपत में तहसील कैंप निवासी एक किराना स्टोर दुकानदार संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसके कपड़े और सुसाइड नोट नहर किनारे परिजनों को मिले हैं। सुनाइड नोट में दुकानदार ने रुपयों के लेन-देन का जिक्र कर कुछ युवकों पर दबाव बनाने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर पुलिस ने मामले में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर दुकानदार की तलाश शुरू कर दी है।
तहसील कैंप के दुष्यंत नगर निवासी नरेंद्र सिंह (50) की किराना दुकान है। नरेंद्र के बेटे विक्रम सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पिता 20 जनवरी की सुबह छह बजे घर से निकल गए थे। सुबह आठ बजे दुकान पर सामान लेने आए ग्राहक ने सामान देने की आवाज लगाई। उन्होंने उठकर देखा तो दुकान बंद थी।
उन्होंने पिता के फोन पर कॉल किया, लेकिन वह स्विच ऑफ मिला। उन्होंने पिता की तलाश शुरू की, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं लगा। तहसील कैंप स्थित गुरुद्वारे के सामने दुकान में लगे कैमरे की फुटेज में नरेंद्र सिंह जाते दिखाई दे रहे थे। बेटे की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर नरेंद्र सिंह की तलाश शुरू कर दी थी।
वह पिता को ढूंढते-ढूंढते 21 जनवरी को नहर किनारे पहुंचे तो पिता की शॉल और कपड़े मिले। कपड़ों से एक नोट मिला। उसमें कुछ लोगों के नाम लिखे थे। साथ ही लिखा था कि इन सभी से मेरा रुपयों का लेन-देन था।बेटे ने बताया कि 20 जनवरी को पिता लापता हुए थे, लेकिन 25 जनवरी की शाम तक भी उनका कोई सुराग नहीं लग सका।
वह मंगलवार को खूबडू झाल तक पिता को देखकर आए, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं सका। वहीं उन्होंने नहर में छलांग लगाई है या नहीं इस बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता, क्योंकि उनको किसी ने नहर में छलांग लगाते हुए नहीं देखा।
परिजनों की शिकायत पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी, दुकानदार की तलाश की जा रही है, वहीं नोट को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। - इंस्पेक्टर हरि राम, पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी