पानीपत/समालखा। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर 29 व समालखा में बंगाली डॉक्टरों के क्लीनिकों पर छापामारी कर धर-दबौचा है। सेक्टर 29 में बंगाली डॉक्टर महिला को एमटीपी किट देते धरा गया, जबकि समालखा में बंगाली डॉक्टर बिना किसी योग्यता व प्रमाणता के क्लीनिक चला रहा था। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने क्लीनिक से सर्जीकल सामान बरामद कर उसे सील कर दिया है। पुलिस ने विभाग के अधिकारियों की शिकायत पर दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने दोनों बंगाली डॉक्टरों को गिरफ्तार कर लिया है।
सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी से झोलाछाप डॉक्टरों में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सुबह समालखा में माता पुली रोड पर चांदसी क्लीनिक पर छापा मारकर बंगाली डॉक्टर शकुंतो हलदार को धर-दबोचा। स्वास्थ्य विभाग ने शुकंतो हलदार से डिग्री व प्रमाणता सर्टिफिकेट की मांग की, लेकिन शुकंतो के पास कोई डिग्री व प्रमाणता ने मिली। स्वास्थ्य विभाग ने क्लीनिक से सर्जीकल सामान व आठ प्रकार की दवाइयां बरामद की। स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई गन्नौर निवासी साहब सिंह और असंध निवासी नंदलाल द्वारा सीएम विंडो पर डाली शिकायत के आधार पर की है।
वहीं दूसरी स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सेक्टर 29 स्थित बंगाली क्लीनिक में छापा मारकर बंगाल के डॉक्टर सैयर आसम को एमटीपी किट बेचते हुए दबोचा है। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग की टीम को बंगाली क्लीनिक के बारे में एमटीपी किट बेचने की गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एक महिला को डिकोय के रूप में तैयार किया और सोमवार शाम को क्लीनिक पर एमटीपी किट खरीदने के लिए भेजा। इस दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम क्लीनिक से थोड़ा दूर तैनात रही। क्लीनिक संचालक सैयद आसम में एमटीपी किट का रेट एक हजार रुपये बताया। डिकोय ने सैयद आसम को एक हजार रुपये दे दिए। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने तुरंत छापा मारकर सैयद आसम को एमटीपी किट देते हुए दबोच लिया। टीम ने आरोपी के पास से एक हजार रुपये भी बरामद कर लिए। विभाग की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीम में डॉ. सुधीर बत्तरा, ड्यूटी मेजिस्ट्रेट डॉ. मनोज अहलावत, डीसीओ परविंद्र मलिक, डॉ.शालिनी मेहता व डॉ.सुखदीप कौर शामिल रहे।
स्वास्थ्य विभाग ने समालखा व सेक्टर 29 में बंगाली क्लीनिकों पर छापा मारा है। समालखा में क्लीनिक संचालक के पास डिग्री व प्रमाणता नहीं मिली, जबकि सेक्टर 29 में बंगाली क्लीनिक संचालक एमटीपी किट बेचते हुए पकड़ा गया है। समालखा स्थित क्लीनिक का समान सील कर दिया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
डॉ. सुधीर बतरा, डिप्टी सिविल सर्जन, पानीपत।