अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
सेक्टर 6 में रहने वाले रिफाइनरी में कार्यरत इंजीनियर की बेटी ने सोमवार की दोपहर घर से 300 मीटर दूर रेलवे ट्रैक से गुजर रही सचखंड एक्सप्रेस के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। 23 वर्षीय समीक्षा यजुर्वेदी खानपुर के एक इंजीनियरिंग कालेज से बी-टेक कर रही है। पुलिस को अभी तक आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चला है। पुलिस को मंगलवार को उसके परिजनों के बयान का इंतजार है।
मामले की जांच कर रहे जीआरपी एएसआई आनंद कुमार ने बताया कि सोमवार दोपहर 12 बजे रेलवे ट्रैक पर एक युवती की डेड बॉडी होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही घटना स्थल पहुंचे। जहां रेलवे ट्रैक पर युवती के शरीर के दो हिस्से पड़े हुए थे। साथ ही वहां पर युवती का फोन व रजिस्टर भी बरामद हुआ। जिनसे पता लगा कि 23 वर्षीय समीक्षा यजुर्वेदी सेक्टर 6 की निवासी है। युवती के मोबाइल फोन से उसके पिता दयाचंद को फोन कर हादसे की जानकारी दी गई। वह मूल रूप से बदायूं के रहने वाले हैं। जो दो दिन पहले ही अपने छोटे बेटे के साथ बदायूं गए थे। जीआरपी को उसके पिता के आने का इंतजार है। परिजनों का कहना है कि घर के हालात सामान्य थे। पुलिस ने शव को सामान्य अस्पताल के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए रखवा कर मामले की छानबीन शुरू कर दी ।
परिवार वालों पर सुसाइड नोट जलाने की रही चर्चा
चर्चा इस बात की है कि समीक्षा के शव के पास सुसाइड नोट भी था। जिसे उसके परिजनों की ओर से जला कर नष्ट कर दिया गया है।
शव के पास से मिला मोबाइल
पुलिस को शव के पास से मोबाइल मिला है। जिससे पुलिस को अन्य राज खुलने की उम्मीद है। पुलिस उसके मोबाइल डिटेल व अन्य जानकारी के बाद अपनी जांच आगे बढ़ाएगी।
वारदात के समय परिवार में था बड़ा भाई
समीक्षा के दो भाई भी हैं। एक भाई बड़ा है। जो इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस के अनुसार वह रोजाना की तरह खानपुर जाने के लिए घर से निकली थी।
छात्रा की सचखंड एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूद कर आत्महत्या करने की खबर के बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया गया है। उसके पिता व छोटे भाई बदायूं गए हुए थे। उनके वापस आने का इंतजार है।
राज कुमार, थाना प्रभारी जीआरपी पानीपत।
नोट : बदायूं के ध्यानार्थ
फोटो संख्या- 40 से 43 तक।
बीटेक छात्रा ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
- पानीपत रिफाइनरी में कार्यरत इंजीनियर की बेटी है मृतका, हादसे के समय पिता व छोटा भाई थे शहर से बाहर
- जीआरपी को पिता के आने का है इंतजार, मंगलवार को शव का होगा पोस्टमार्टम