पानीपत। जिला के गांव बुआना लाखू गांव में खेल के मैदान पर सौ-सौ वर्ग गज के प्लॉट काटने के मामले में दोनों पक्ष उग्र हो गए हैं। खेल के मैदान को रखने वाले पक्ष ने प्लॉटों की बनाई सड़कों को जेसीबी की मदद से समतल कर दिया। बीडीपीओ ने इसको रुकवाने का भी प्रयास किया। थाना इसराना पुलिस ने बीडीपीओ इसराना की शिकायत पर गांव के कुछ लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
बीडीपीओ इसराना ने थाना इसराना पुलिस को लिखित शिकायत दी है और इनकी एक-एक कॉपी डीसी, एसपी व एसडीएम पानीपत को भी भेजी है। उन्होंने बताया कि गांव में योजना के तहत सौ-सौ गज के प्लॉट काटे गए हैं। गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने वीरवार को प्लॉटों में जेसीबी चला दी। वे उनको रुकवाने गए तो उसको भी विरोध का सामना करना पड़ा। थाना इसराना पुलिस ने बीडीपीओ की शिकायत पर गांव के अज्ञात लोगों पर विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया।