सुरक्षा बढ़ाई, स्कूल-कॉलेज खुलने के साथ बस-रेल सेवाएं आज होंगी बहाल
- मोबाइल इंटरनेट पर शाम तक होगा फैसला, हर वाहन की बारीकि से तलाशी लेेकर करने दिया जा रहा है टोल पार
अमर उजाला बयूरो
पानीपत/इसराना।
रेप के दोषी डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को रोहतक की सुनारिया जेल में बनी स्पेशल कोर्ट में 20 साल की सजा सुनाई गई। कोर्ट में सजा के फैसले से पहले व बाद में भी जिला में प्रशासन व पुलिस अलर्ट रहा। पुलिस की रोहतक की तरफ जाने वाले हर वाहन व व्यक्ति पर नजर रही। वहीं सजा के फैसले के बाद कानून व व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में रही। प्रशासन ने मंगलवार को स्कूल व कॉलेज सामान्य दिनों की तरह खोलने और बस व रेल सेवाओं को बहाल कर दिया है। मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर फैसला मंगलवार शाम तक आ सकता है। प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों ने इन दिनों में जिले में शांति व व्यवस्था बनाए रखने पर जिला वासियों का आभार व्यक्त किया है। प्रशासन व पुलिस ने सोमवार को सजा के फैसले के बाद शहरभर में फ्लैग मार्च निकाला।
सिरसा डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सोमवार को रोहतक की सुनारिया जेल में सीबीआई की विशेष अदालत ने सजा पर फैसला लिया। पानीपत रोहतक नेशनल हाईवे पर रविवार से ही पैरा मिलिट्री व पुलिस के जवानों की निगाहों में रहा। पुलिस व पैरा मिलिट्री के जवानों द्वारा डाहर टोल के साथ इसराना में जैन फिलिंग स्टेशन के सामने व शाहपुर के आउटर पर लगाई गई नाकाबंदी से होकर गुजरने वाले सभी वाहनों व लोगों की बारीकी से तलाशी ली। डीसी डॉ. चंद्रशेखर खरे व एसपी राहुल शर्मा ने सोमवार को नाकों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।
गाड़ी से पिस्टल, फरसा बरामद, तीन डेरा अनुयायी दबोचे
डाहर टोल में चल रही चेकिंग के दौरान डीएसपी देसराज व ड्यूटी मजिस्ट्रेट तहसीलदार संजीव कुमार की मौजूदगी में एक कार से एक लोहे की रॉड पर फिट किया गया तेजधार फरसा व एक पिस्टल बरामद की। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर उसकी पूछताछ की। पुलिस ने उसकी पहचान धर्मबीर निवासी नारा के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अवैध हथियार रखने की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना पुलिस ने इन सबके बीच सोमवार तीन डेरा अनुयायियों को रोहतक जाने की फिराक व शांति भंग करने के आरोप में काबू किया। पुलिस ने कुराना निवासी मुलतान और गवालड़ा निवासी अजीत व नरेश को गिरफ्तार किया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
हाईवे पर पसरा रहा सन्नाटा, टीवी से चिपके रहे लोग
डेरा प्रमुख पर सोमवार को सुनाए गए फैसले का असर पूरी तरह हाईवे व बाजार पर देखने को मिला। हाईवे पर चली वाहनों की गहन चैकिंग के चलते कम वाहन ही हाईवे से निकलते नजर आए। पानीपत से रोहतक वाली लेन पर ज्यादातर सन्नाटा पसरा रहा। फैसला आने से पहले बाजार में भी कम चहल पहल देखी गई। ज्यादातर लोग अपने अइपने टीवी से चिपके रहे। कुछ लोग रोहतक में गए मीडिया कर्मियों से संपर्क साधने में लगे रहे। सोशल मीडिया के संसाधनों पर रोक लगाने के चलते लोग मैसेज को आसानी से आगे नहीं भेज पाए।
बस व रेल सेवाएं आज से सामान्य रूप से चलेंगी
डेरा मुखी के मामले में फैसला आने के बाद हालात सामान्य होने लगी हैं। परिवहन विभाग ने मंगलवार को सुबह ही दिल्ली-चंडीगढ़ के बीच बस सेवाओं को सुचारु करने का फैसला लिया है। बाकी रूटों पर धीरे-धीरे बस सेवाओं को बहाल किया जाएगा। वहीं रेलवे ने भी रेल सेवाओं को शुरू करने का फैसला लिया है। रोहतक व जींद मार्ग पर रेल सेवाओं को मंगलवार को दिन की स्थिति के बाद चालू किया जाएगा।
वर्जन
जिला में कानून व व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य रही। पुलिस व पैरा मिलिट्री ने प्रशासन द्वारा नियुक्त ड्यूटी मजिस्ट्रेट के साथ मिलकर बेहतर तरीके से काम किया। सोमवार को डेरा प्रमुख की सजा के फैसले के दौरान कुछ अनुयायियों व दूसरे लोगों को गिरफ्तार किया है। वे सब शांति भंग करने के प्रयास में थे। पुलिस ने ऐसे करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
- राहुल शर्मा, एसपी पानीपत।
वर्जन
डेरा प्रमुख के मामले में कोर्ट के फैसले के चलते जिले में कानून व व्यवस्था सामान्य नहीं। इसको लेकर प्रशासन व पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों का काम सराहनीय रहा और जिलेवासियों ने भी कानून व व्यवस्था में अपना पूरा सहयोग दिया। स्कूल, कॉलेज व शिक्षण संस्थान और सरकारी कार्यालय मंगलवार को सामान्य रूप से लगेंगे। बस व रेल सेवाओं को बहाल क र दिया जाएगा। मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को बहाल करने पर मंगलवार को फैसला लिया जाएगा।
- डॉ. चंद्रशेखर खरे, डीसी, पानीपत।