जींद के गांव सुअना में नहर से मिला रमनदीप का शव
-पानीपत व जींद पुलिस ने पारसदीप की तलाश तेज की
-पानीपत के गांव उरलाना में तीन युवकों के नहर में डूबने का मामला
अमर उजाला ब्यूरो,
पानीपत। गांव उरलाना कलां में बुटाना नहर में नहाते समय पानीपत में लापता हुए 20 वर्षीय रमनदीप का शव मंगलवार की सुबह जींद जिला के गांव सुअना में नहर से बरामद हुआ। जबकि पानीपत पुलिस ने जींद पुलिस व सिंचाई विभाग के सहयोग से नहर में लापता हुए पारसदीप की तलाश तेज कर दी है। वहीं देवेंद्र उर्फ टीटू का शव सोमवार की सुबह जींद के गांव शर्फबाद में नहर से बरामद हुआ था। गौरतलब है कि रमनदीप व पारसदीप अपने दोस्तों के साथ रविवार को नहर में नहाने के लिए गए थे। सभी मित्र, ट्यूब पर बैठ कर नहर में स्नान कर रहे थे। इस दौरान ट्यूब पानी में पलट गई और नहर के पानी में रमन व पारस लापता हो गए। पुलिस व ग्रामीणों ने दोनों के नहर के पानी में तलाश शुरू की। जबकि देवेंद्र, दोनों युवकों की तलाश के लिए नहर में कूद गया और कुछ देर बाद देवेंद्र भी पानी में लापता हो गया। इधर, मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने नहर में युवक का शव देखा और घटना की सूचना जींद व पानीपत पुलिस को दी। जल्द ही पानीपत की थाना मतलौडा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। मृतक की शिनाख्त रविवार को नहर के पानी में लापता हुए रमनदीप के रूप में हुई। पुलिस ने जांच के बाद रमन के शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने रमन के परिजनों के बयान दर्ज किए और पोस्टमार्टम के बाद रमनदीप का शव उन्हें सौंप दिया। वहीं देवेंद्र के बाद रमन का शव नहर से मिलने की घटना से गांव उरलाना में शोक छाया हुआ है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। इधर, डीएसपी हैड क्वार्टर जगदीप दून ने बताया कि नहर से देवेंद्र व रमनदीप के शव बरामद हो गए हैं। जबकि पारसदीप की नहर के पानी में तलाश की जा रही है। पानीपत में पारस की तलाश के लिए नहर में पानी का बहाव कम करवाया गया है। नहर में जगह जगह जाल लगवाए गए हैं। पारस की जींद पुलिस व सिंचाई विभाग और किसानों की मदद से पानी में तलाश करवाई जा रही है।
डीएम ने नहरों में स्नान करने पर लगाया प्रतिबंध
जिला मजिस्ट्रेट उपायुक्त पानीपत सुमेधा कटारिया ने एसडीएम पानीपत विवेक चौधरी व एसडीएम समालखा गौरव कुमार को निर्देश दिए कि वे जिला भर में नहरों का निरीक्षण करें और उन सभी बिंदूओं और स्थानों की लिस्ट बनवाएं जहां, नहरों के किनारे लोग कपड़े धोते हैं, नहाते हैं या नहरों में कूदते हैं। इन स्थानों पर विशेष निगरानी की जाएगी और ग्रील भी लगवाई जाएगी। इन स्थानों पर नहाना और कपड़े धोना प्रतिबंद्धित भी किया जाए। आदेश का पालन नहीं करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। वहीं डीएम सुमेधा ने नागरिकों से अपील की कि वे नहर व रजवाहों में स्रान कर व कपडे़ धो कर अपना जीवन खतरे में न डालें। वहीं अपने बच्चों को नहर में स्रान करने से रोकें।