बैंक मैनेजर बताकर 1.34 लाख की चपत लगाई
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जालसाज ने थाना मॉडल टाउन के काबड़ी रोड लख्मी कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड का कोड पूछकर 1.34 लाख रुपये की चपत लगा दी। आरोपी ने खुद को इंडिया ओवरसीज बैंक काबड़ी का ब्रांच मैनेजर बताया था। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
भीम सिंह निवासी लख्मी कॉलोनी काबड़ी रोड ने थाना मॉडल टाउन पुलिस को शिकायत दी। उसने बताया कि 25 सितंबर को एक नंबर से फोन आया। उक्त व्यक्ति ने खुद को इंडिया ओवरसीज बैंक काबड़ी का मैनेजर बताया। उसने बताया कि उसके बैंक खाते से आधार कार्ड लिंक नहीं हुआ है। आधार कार्ड लिंक नहीं कराया तो खाता बंद कर दिया जाएगा। खाता चालू रखने के लिए एटीएम का कोड व आधार कार्ड नंबर देना होगा। मैंने उसको दोनों नंबर बता दिए। कई दिन बाद जब मैंने अपना खाता देखा तो उसमें से 1.34 लाख रुपये निकाले हुए मिले। बैंक में जाकर संपर्क किया तो इस तरह का कोई फोन न करने की जानकारी मिली। भीम सिंह ने उक्त व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। थाना मॉडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर अमित कुमार ने बताया कि 1.34 लाख रुपये की धोखाधड़ी की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को काबू कर लेगी।