जनरल स्टोर संचालक की तीन तोले सोने की चेन तोड़ बाइकर्स फरार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। थाना शहर के अंतर्गत गीता कॉलोनी की मुख्य सड़क स्थित लक्ष्मी नारायण गारमेंट एंड स्टोर पर दिनदहाड़े दो झपटमार संचालक की तीन तोले सोने की चेन तोड़ ले गए। झपटमार ने संचालक को टी-शर्ट दिखाने में व्यस्त कर चेन और बाद में शीशे के दरवाजे से रास्ता न मिलने पर दूसरा शीशा तोड़कर फरार हो गए। मोटरसाइकिल सवार दोनों झपटमारों की गतिविधियां नजदीक की एक दुकान पर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। संचालक ने पुलिस कंट्रोल रूम पर देर से रिस्पांस मिलने पर सीधे डीएसपी हेडक्वार्टर को फोन कर पूरे मामले की जानकारी दी। थाना शहर व सीआईए-वन सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने मौका मुआयना कर झपटमारों की धरपकड़ शुरू कर दी है।
शहर की गीता कॉलोनी स्थित लक्ष्मी नारायण गारमेंट एंड स्टोर की मुख्य दुकान सेक्टर-25 स्थित मित्तल मेगा मॉल में हैं। उनका गीता कॉलोनी में नीचे स्टोर व ऊपर मकान है। स्टोर पर वीरवार सुबह करीब सवा आठ बजे वीरेंद्र शर्मा व उसकी पत्नी रजनी शर्मा थी। वीरेंद्र सुबह दुकान पर पूजा कर रहा था। इसी समय स्टोर के बाहर एक बाइक आकर रुकी। उससे एक युवक उतरकर दुकान में आया। उसने वीरेंद्र से पेंट दिखाने की बात कही। वीरेंद्र शर्मा ने उसको पेंट मित्तल मेगा मॉल स्थित दुकान पर होने की कही। युवक ने पेंट न होने पर टी-शर्ट दिखाने की बात कही। वीरेंद्र शर्मा ने उसको दुकान से ही ये सब लेने की सलाह दी। युवक इस पर वहीं से टी-शर्ट लेने की कहने लगा। वीरेंद्र उसको टी-शर्ट दिखाने लगा, जबकि उसकी पत्नी काउंटर पर खड़ी हो गई। युवक ने वीरेंद्र के गले से सोने की चेन झपट ली और बाहर भागने लगा, लेकिन शीशे के गेट को खोल नहीं सका। वह दरवाजे के साथ लगते शीशे को तोड़कर बाहर खड़े अपने साथी की मोटरसाइकिल पर बैठकर फरार हो गया। वीरेंद्र शर्मा ने बताया कि उसकी ढाई तोले की चेन व आधा तोले का लॉकेट था। झपटमार उसकी तीन तोले सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया। इसकी जानकारी लगते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे।
कंट्रोल रूम नहीं सीधे डीएसपी को किया फोन
वीरेंद्र ने उसके साथ झपटमारी होते ही पुलिस कंट्रोल की बजाय सीधे डीएसपी मुख्यालय जगदीप दून को फोन कर सूचना दी। डीएसपी मुख्यालय ने तुरंत थाना शहर पुलिस व सीआईए-वन को इस बारे में अवगत कराया। पुलिस सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंची और झपटमारों की धरपकड़ भी की, लेकिन पुलिस झपटमारों को काबू नहीं कर सकी। थाना शहर पुलिस ने स्टोर का मौका मुआयना किया और झपटमारी की कार्रवाई शुरू की। वीरेंद्र ने बताया कि कई लोगों ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम पर तुरंत रिस्पांस नहीं मिल पाता। यहीं नहीं कई बार कार्रवाई भी नहीं होती। उसने झपटमारों को तुरंत काबू करने की सोच के साथ डीएसपी को फोन किया।
इस माह चार झपटमारी
मामला नंबर-एक
थाना शहर के अंतर्गत बिश्नस्वरूप कॉलोनी में एक युवती का मोबाइल छीन लिया गया। कुराना गांव निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि 17 अगस्त को मोटरसाइकिल सवार दो युवक उसको तंग कर रहे थे और वे दोनों उसका मोबाइल छीन ले गए। थाना शहर पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी थी।
मामला नंबर-दो
थाना समालखा के अंतर्गत केएल सचदेवा अस्पताल के नजदीक से 21 अगस्त को एक व्यक्ति का मोबाइल झपट लिया। सोनीपत निवासी गौरव अरोड़ा ने पुलिस को शिकायत में बताया कि वह किसी काम से समालखा आया था। मोटरसाइकिल दो युवक उसका मोबाइल झपटकर फरार हो गए।
मामला नंबर-3
थाना मतलौडा के अंतर्गत अटावला गांव स्थित जयसिंह पेट्रोल पंप से पिछले दिनों सैल्समैन से 20 हजार रुपये छीनकर फरार हो गए। अहर निवासी प्रमोद ने थाना मतलौडा पुलिस में शिकायत दी थी। उसने बताया कि एक कार में चार युवक आए। उन्होंने अपनी कार में पांच सौ रुपये का पेट्रोल डलवाया। वह उनसे पैसे लेने लगा तो वे उल्टा उसका बैग छीनकर फरार हो गए। उसने बैग में 20 हजार रुपये होने की बात कही थी। थाना मतलौडा पुलिस ने इसमें झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
मामला नंबर-4
थाना मॉडल टाउन के अंतर्गत 29 अगस्त को एक युवती का मोबाइल छीन लिया। महिमा निवासी मॉडल टाउन ने मॉडल टाउन चौकी पुलिस को शिकायत दी थी। उसने बताया कि वह 29 अगस्त को अपने घर के बाहर खड़ी थी। इसी समय दो युवक मोटरसाइकिल पर आए और उसका मोबाइल झपट ले गए।
पुलिस को गीता कॉलोनी में एक दुकानदार की चेन झपटने की सूचना मिली थी। पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। दुकानदार की शिकायत पर झपटमारी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही मामले का खुलासा कर देगी।
सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर पानीपत।