नील गाय को बचाने के चक्कर में इनोवा पलटी, चालक की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। रिफाइनरी रोड पर शुक्रवार रात को नील गाय बचाने के चक्कर में इनोवा गाड़ी डिवाइडर से टकराकर दूसरी तरफ जाकर पलट गई। करनाल के डिंगरमाजरा गांव निवासी चालक की शीशे से निकलकर सड़क पर गिरने से मौत हो गई। प्राथमिक जांच में मौत का कारण में सिर में लगी चोट बताया जा रहा है। वह रात को रिफाइनरी से अपने घर जा रहा था। थाना सदर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
चरण सिंह (30) निवासी डिंगरमाजरा करनाल इनोवा गाड़ी से बुकिंग करता है। वह शुक्रवार देर रात गाड़ी लेकर रिफाइनरी से अपने गांव वापस जा रहा था। वह रिफाइनरी रोड पर बड़ौली गांव के नजदीक ईंट भट्ठे के पास पहुंचा तो गाड़ी के आगे अचानक नील गाय आ गई। उसने ब्रेक लगाए तो गाड़ी डिवाइडर से टकराकर दूसरी तरफ पलट गई। गाड़ी के पलटने से शीशे टूट गए और वह शीशे से निकलकर बाहर सड़क पर गिर गया। उसका सिर सड़क पर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। थाना सदर पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को शवगृह में रखवाकर परिजनों को सूचना दी। परिजन सूचना मिलते ही शवगृह में पहुंचे और शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शनिवार सुबह परिजनों के बयान दर्ज किए। परिजनों ने बताया कि चरण सिंह अविवाहित था और गाड़ी बुकिंग पर चलाता था।