सुरेंद्र हत्याकांड के आरोपी थानेदार निलंबित
एसपी ने दिया विभागीय जांच का आदेश, आरोपियों की धर पकड़ के लिए सीआईए कर रही है छापेमारी
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। धर्मगढ़ गांव में रविवार की शाम को सुरेंद्र की हुई हत्या के मामले की जांच को लेकर पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार को जांच सीआईए दो को सौंप दी है। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ को लेकर अलग-अलग चार टीमें लगा रखी हैं। जो करनाल सहित अन्य स्थानों पर छापेमारी कर रही है। दूूसरी ओर आरोपी थानेदार के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद उसे निलंबित कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने उसके खिलाफ विभागीय जांच खोलने का आदेश दिया है। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी किशनपुरा चौकी से गैर हाजिर है।
आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए टू ,सीआईए थ्री, मतलौडा थाना पुलिस व बोहली चौकी पुलिस समेत चार टीम शाहबाद, पानीपत, करनाल व बल्ला में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है।
मृतक के भाई जगत सिंह मान ने कहा कि थानेदार ओमप्रकाश पर पुलिस विभाग मेहरबान बना हुआ है। क्योंकि करीब एक महीना पहले ओमप्रकाश पर भतीजे दीपक का गला दबाकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार करने के बजाय ओमप्रकाश को क्लीनचीट दे रही थी और अब सुरेंद्र मर्डर मामले में बेटे के खिलाफ गवाही ना दे सके इसलिए ओमप्रकाश ने मर्डर करवाया है।
पुलिस विभाग में कानून की डबल डबल परीक्षाएं पास कर चुका थानेदार ओमप्रकाश हत्या जैसे जघन्य अपराध की वारदात को बेखौफ होकर अंजाम देकर भी अब तक कानून की नजरों से बच रहा है या बचाया जा रहा है।
---
सुरेंद्र की हत्या के सभी आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। जांच के लिए सीआईए टीम को लगाया गया है। आरोपी थानेदार के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
-मनबीर सिंह, पुलिस अधीक्षक, पानीपत।