अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत/थर्मल/इसराना।
टीबी की बीमारी से परेशान हो चुका हूं। तीन बेटियों को अपने साथ लेकर जा रहा हूं। मैंने जहर खा लिया है और बेटियों को भी खिला दिया है। उनके शवों को दिल्ली पैरलेल नहर में तलाश कर लेना... यह कहकर इसराना गांव के 40 वर्षीय नरेंद्र पुत्र सतबीर ने फोन काट दिया। इसराना व सोनीपत पुलिस नरेंद्र व उसकी बेटियों की नहर में तलाश कर रही है। अब तक किसी का कोई सुराग नहीं लगा है। दूसरी ओर जाटल रोड निवासी सेल्समैन के भी असंध नाका के पास दिल्ली पैरलेल नहर में कूदने की आशंका है। उसकी बाइक भी नहर के किनारे मिली है। पुलिस उसकी भी तलाश कर रही है।
नरेंद्र पुत्र सतबीर मूल निवासी गांव शामडी जिला सोनीपत वीरवार की रात को अपनी 11 साल की पुत्री शालू, सात वर्षीय शिखा और चार वर्षीय नापरा को साथ लेकर लापता हो गया। वह अपने भाई सुरेंद्र की बाइक लेकर अपनी तीनों बेटियों को साथ लेकर घर से निकला था। देर रात नरेंद्र ने फोन कर अपने भाई से कहा कि उसने अपनी तीनों बेटियों को जहर खिला दिया है और स्वयं भी जहर खा लिया है। चारों के शवों की तलाश दिल्ली पैरलेल नहर में करवा लेना। नरेंद्र ने भाई से अपनी पत्नी बड़ी बेटी सानिया व छोटे पुत्र नक्षु की देखरेख करने की अपील भी की। वहीं नरेंद्र की बातें सुन कर भाई के पैरों तले की धरती खिसक गई और पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने थाना इसराना पुलिस को इस मामले की जानकारी दी। पुलिस ने जिला भर में पुलिस थानों, चौकियों, नाकों आदि को वीटी कर अलर्ट कर दिया। सभी को नरेंद्र व उसके बच्चों के फोटो व्हाट्सएप कर इनकी तलाश करने के लिए कहा गया। उन्हें नरेंद्र का मोबाइल भी बंद मिला। पानीपत पुलिस की साइबर सेल ने नरेंद्र के मोबाइल फोन की लोकेशन पानीपत रिफाइनरी नाका से लेकर गांव बिंझौल तक बताई। इसके बाद से नरेंद्र के मोबाइल की लोकेशन नहीं मिल रही है।
वीरवार की रात से लेकर शुक्रवार की शाम तक पुलिस व परिजनों ने नरेंद्र व उसके बच्चों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। इधर, पुलिस की जांच में पता चला कि नरेंद्र का पैतृक गांव शामडी जिला सोनीपत है। पिता सतबीर की मौत के बाद नरेंद्र व उसके परिजन अपने मामा के गांव इसराना में रहने लगे थे। नरेंद्र काफी समय से टीबी से पीड़ित था और वह रोग होने के कारण घर पर ही रहता था। नरेंद्र के घर पर पत्नी व पांच बच्चे हैं। कामकाज नहीं करने के कारण घर पर आर्थिक तंगी थी और परिजनों का ठीक से जीवन यापन नहीं हो रहा था। नरेंद्र स्वयं को परिवार पर बोझ समझने लगा था और मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। पुलिस ने इस घटना की सूचना देकर सोनीपत पुलिस को भी सचेत कर दिया है। पुलिस के आग्रह पर सिंचाई विभाग ने दिल्ली पैरलेल नहर पर गश्त करने वाले गैंगमैनों को भी घटना की जानकारी देकर सचेत कर दिया है। सोनीपत पुलिस ने दिल्ली पैरलेल नहर की खुबडू झाल प्रशासन को भी अलर्ट कर दिया है। डीएसपी इसराना क्षेत्र बिजेंद्र सिंह शुक्रवार की दोपहर को नरेंद्र के गांव इसराना स्थित घर गए और उनके परिवार से बंद कमरे में बातचीत कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। नरेंद्र के परिजन सहमे हुए हैं। उन्हें बड़ी अनहोनी का डर सता रहा है।
डीएसपी बिजेंद्र ने बताया कि नरेंद्र अपनी तीन बेटियों के साथ संदिग्ध हालात में लापता हो गया है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस की साइबर सेल नरेंद्र के मोबाइल की लोकेशन से उसकी तलाश में पुलिस टीमों की मदद कर रही है। पुलिस की कई टीमें, नरेंद्र व उसकी तीन बेटियों की तलाश में जुटी हुई है।
सेल्समैन की असंध नाका के पास मिली बाइक
संजय चौक, जाटल रोड निवासी 30 वर्षीय रिजवान पुत्र तकीर दो बच्चों का पिता है और परचून की दुकानों पर सामान सप्लाई करता है। वह वीरवार शाम को घर से काम के लिए निकाला था। उसकी बाइक नहर के किनारे असंध नाका के पास मिली। इस बात की आशंका लगाई जा रही है सेल्समैन ने नहर में छलांग लगाई है। अब तक इसके पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हुए है। मॉडल टाउन थाना पुलिस गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश कर रही है।
दिल्ली पैरलेल नहर का पानी कम करवा कर चारों की नहर में तलाश की जा रही है। इसमें गोताखोरों की मदद ली जा रही है। अब तक किसी का सुराग नहीं लगा है। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है।
बिजेंद्र सिंह, डीएसपी इसराना पुलिस थाना
फ्लैग- टीबी की बीमारी से परेशान हो चुका हूं, तीनों बेटियों को जहर देकर खुद भी निगल लिया है, शव को दिल्ली पैरलेल नहर में ढूंढ लेना...यह कहकर-
हेडिंग- पिता तीन बेटियों संग लापता
-असंध नहर पुलिस नाका के पास भी सेल्समैन के नहर में कूदकर आत्महत्या करने का आशंका, बाइक वहीं से बरामद -नहर के पास मिली चारों की लोकेशन, पुलिस की कई टीमें तलाश में जुटी
-सोनीपत पुलिस, सिंचाई विभाग, खुबडू झाल प्रशासन को सतर्क किया गया
फोटो 9 व 10