चाचा के साथ सब्जी मंडी आए 15 साल के बच्चे को ट्रैक्टर-ट्राली ने कुचला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गोहाना रोड शुगर मिल के सामने एक ट्रैक्टर-ट्राली ने एक बच्चे को कुचल दिया। बच्चा मांडी गांव से अपने चाचा के साथ सब्जी मंडी में आया था। दोनों मोटरसाइकिल पर वापस जा रहे थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया और ट्रैक्टर-ट्राली चालक पर मुकदमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में आने से अजय (15) निवासी मांडी की मौत हो गई। आठ मरला चौकी पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और शव को शवगृह में रखवा दिया। परिजन भी सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल पहुंच गए। शौकी सिंह निवासी मांडी ने पुलिस को बताय कि वह अपने भतीजे अजय के साथ मोटरसाइकिल पर किसी काम से पानीपत सब्जी मंडी में आया था। वे काम करने के बाद वापस मांडी अपने गांव जा रहे थे। गोहाना रोड शुगर मिल के पास मोटरसाइकिल खड़ी की थी। उसका भतीजा अजय मोटरसाइकिल से उतरकर पेशाब करने लगा। इसी दौरान जीटी रोड की तरफ से एक ट्रैक्टर-ट्राली गफलत में चलाता आया। ट्रैक्टर चालक ने उसके भतीजे को कुचल दिया। अजय हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। वह अजय को लेकर सिविल अस्पताल पहुंचा। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जांच अधिकारी एएसआई सतबीर ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर-ट्राली चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही आरोपी को काबू कर लेगी।