शराब पीते समय हुआ विवाद, पड़ोसी ने पांच साथियों संग मिल युवक को सात बार चाकुओं से गोदा
गंगाराम कॉलोनी का मामला, आरोपियों ने युवक के गर्दन, सिर, हाथ व कमर में चाकुओं से किया हमला
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। गंगाराम कॉलोनी में वीरवार को पड़ोसियों के बीच झगड़ा हो गया। इस रंजिश के चलते पड़ोसी ने उसके पांच अन्य साथियों संग शनिवार दोपहर को गली में ही युवक को पकड़ लिया और उस पर चाकु ओं से हमला बोल दिया। आरोपियों ने युवक को सात बार चाकुओं से गोदा व खून से लथपथ हालत में गली में ही छोड़ कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर घायल के जीजा मौके पर पहुंचा व घायल को उठाकर सामान्य अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद रोहतक पीजीआई के लिए रेफर कर दिया। घायल की हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे असंध रोड स्थित निजी अस्पताल ले गए। वहां वो आईसीयू में उपचाराधीन है।
घायल फरमान पुत्र अनवर निवासी गंगाराम कॉलोनी के जीजा अफताफ ने बताया कि वीरवार शाम को फरमान अपने पड़ोसी सुमित के साथ शराब पी रहा था। इस दौरान दोनों के बीच गाली-गलौच हो गई। इस दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। उस दौरान आरोपी सुमित ने अपने साथी मंजीत, नाजिन और तीन अन्यों के साथ मिलकर उसके साथ मारपीट की थी। लेकिन स्थानीय निवासियों ने बीच-बचाव कर झगड़े को खत्म करवा दिया था।
शनिवार को फरमान अपने भांजे अलताफ को कॉलोनी में स्थित मस्जिद से लेने गया था। दोपहर 4 बजे जब वह उसे लेकर घर वापस लौट रहा था, तो उसी दौरान आरोपित सुमित ने पीछे से उस पर ईंट से हमला किया। ईंट उसके सिर पर लगी। इससे वह जमीन पर गिर गया। मामा को जमीन पर पड़ा देख पांच वर्षीय भांजा मौके से घर परिजनों को बुलाने दौड़ पड़ा। फरमान के नीचे गिर जाने पर आरोपितों ने उस पर चाकुओं से हमला बोल दिया। उक्त आरोपितों ने पहला चाकू उसके सिर पर मारा। इसके बाद आरोपियों ने गर्दन, सिर, हाथ व कमर में सात चाकू गोद दिए और मौके से फरार हो गए।