बेदखल बेटे को कब्जा दिलाने गए पुलिसकर्मियों ने घर में घुसकर तीन महिलाओं को पीटा और कपड़े फाड़े
रात को एसपी के पास पहुंचीं महिलाएं, एसपी ने रिपोर्ट की तलब
-बलजीत नगर की तीनों महिलाएं अपने जेठ की शिकायत करने गई थीं
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। बलजीत नगर में बेदखल बेटे को घर में कब्जा दिलाने गई पुलिस ने तीन महिलाओं की पिटाई कर उनके कपड़े फाड़ कर दिए। महिलाएं रात को एसपी मनबीर सिंह के निवास पर पुलिस कर्मचारियों की शिकायत करने पहुंचीं। एसपी ने महिलाओं की बात सुनकर तुरंत महिला थाने में फोन किया और मामले की उचित जांच करने के निर्देश दे दिए। एसपी ने महिला थाना प्रभारी से जल्द पूरे मामले की रिपोर्ट तलब करते हुए आरोपी पुलिस कर्मचारियों पर कार्रवाई का आश्वासन भी दिया है।
बलजीत नगर निवासी प्रेमो देवी ने बताया कि 2008 में उसके पति जिले सिंह ने बड़े बेटे रामकरण और उसकी पत्नी पूनम को जमीन व जायदाद से बेदखल कर दिया था। इसके बाद से दंपति परिवार के सभी सदस्यों को परेशान करने लगे। वे हमेशा किसी न किसी बात को लेकर उनसे रंजिश निकालने के इंतजार में रहते थे। रामकरण व पूनम छह अगस्त को पिंजौर से बलजीत नगर स्थित घर आए। वहां वे सारी रात बेटी राजरानी व छोटी बहू सीमा रानी से झगड़ते रहे और सुबह वहां से धमकी देकर चले गए। इसके बाद दंपति ने पिंजौर थाने में प्रेमो देवी, सीमा रानी व राजरानी के खिलाफ मारपीट करने व अन्य मामलों के तहत मामला दर्ज करवा दिया। इसके बाद पिंजौर थाने से मामले में शामिल होने के लिए प्रेमो देवी सहित तीनों के पास फोन आया। इसके चलते तीनों पिंजौर थाने में गए व अपने बयान दर्ज करवा कर वापस आ गए। इसी संदर्भ में प्रेमो देवी पानीपत एसपी से भी मिली। सोमवार को पुलिस रामकरण व पूनम को उनके घर में लेकर आई थी। इसके बाद से प्रेमो देवी सहित तीनों ने पुलिस पर घर में जबरदस्ती घुसकर मारपीट कर कपड़े के आरोप लगाए हैं।
मामले की निष्पक्ष जांच होगी: एसपी
पुलिसकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। रिपोर्ट तलब कर ली गई है। मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है। जो भी दोषी होगा उस पर कार्रवाई होगी।
- मनवीर सिंह, एसपी पानीपत।