अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सीआईए-टू पुलिस ने अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के चार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पूछताछ में आरोपियों ने पानीपत, कुरुक्षेत्र व जींद जिले में वाहन चोरी की दस वारदात कबूल की हैं। गिरफ्तार आरोपियों से चोरी की गई सात गाड़ियों बरामद की हैं। गिरफ्तार आरोपियों को शनिवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
सीआईए-टू प्रभारी इंस्पेक्टर विकास कुमार ने बताया कि गत 19 अगस्त को गुप्त सूचना मिली कि जिला भिवानी व जींद निवासी दो आरोपी पानीपत में वाहन चोरी की वारदात को अंजाम देने में पिछले काफी समय से सक्रिय है। सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर काबू करने के लिए सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की। जिसमें मुख्य सिपाही ऋषिपाल, मुख्य सिपाही अनिल, सिपाही हरदीप, सिपाही सुनील कुमार को शामिल कर जिला भिवानी व जींद भेजा गया। टीम ने भिवानी व जींद पहुंचकर छानबीन कर दोनों आरोपियों को काबू किया। पुलिस ने आरोपियों की पहचान रोशन निवासी तोशाम जिला भिवानी और सुनील निवासी बागडू कलां जिला जींद के रूप में दी।
पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने जिला पानीपत में छह, कुरुक्षेत्र में तीन और जींद में एक गाड़ी चोरी करने की वारदात कबूली है। आरोपियों ने इन जिलों से कार, बोलेरो व पिकअप चोरी किए हैं। चोरी की गई गाड़ियों को बरामद करने के लिए पुलिस ने दोनों आरोपियों को 20 अगस्त को न्यायालय मे पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड लिया। पांच दिन के रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों ने बताया की वह चोरी की गई गाड़ियां राजस्थान में ज्ञानीराम निवासी इंद्रा कॉलोनी जिला नागोर राजस्थान व नीयाराम निवासी बलुआ जिला नागोर राजस्थान को बेचते थे।
सीआईए-टू की टीम आरोपी ज्ञानीराम व नीयाराम को 26 अगस्त को नागोर, राजस्थान से गिरफ्तार कर पानीपत लेकर आई। चारों आरोपियों को न्यायालय मे पेश कर पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से चोरी की सात गाड़ियों बरामद की गई। पांच दिन के रिमांड के बाद चारों आरोपियों को शनिवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत भेजा दिया।
वारदात में शामिल एक आरोपी अभी फरार
इंस्पेक्टर विकास ने बताया कि चोरी की गई तीन अन्य गाड़ियां वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी के पास है। जो अभी फरार चल रहा है। फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
जेल में हुई थी मुलाकात
इंस्पेक्टर ने बताया कि सुनील निवासी बागडू जींद गिरोह का सरगना है। धारा 307 के तहत वह भिवानी की जेल में कैद था। जहां उसकी मुलाकात रोशन निवासी तोशाम भिवानी से हुई। जेल मेें हुई दोस्ती बाहर आने के बाद भी जारी रही और इन्होंने मिलकर गाड़ियां चोरी कर राजस्थान में बेचने का धंधा शुरू कर दिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये लोग दिन में रेकी करते थे और रात को गाड़ी चोरी कर राजस्थान निकल जाते थे। चोरी की गई किसी भी गाड़ी की एवज में इन्हें 25 हजार रुपये मिलते थे।
इन वारदातों का हुआ खुलासा
-21 सितंबर 2016 : थाना माडल टाउन क्षेत्र के अंतर्गत शांति नगर से रात के समय बीट्स कार चोरी की। अश्वनी निवासी शांति नगर की शिकायत पर केस दर्ज है। आरोपियों से चोरी की गई कार बरामद कर ली है।
-23 सितंबर 2016 : थाना माडल टाउन क्षेत्र के अंतर्गत अग्रसेन कालोनी से रात के समय बलेरो चोरी की। पुलिस ने केशव निवासी अग्रसेन कालोनी की शिकायत पर केस दर्ज किया है। आरोपियों सें बलेरो बरामद।
-20 दिसंबर 2016 : थाना माडल टाउन क्षेत्र में लतीफ गार्डन के पास से रात के समय महिन्द्रा पिकअप चोरी की। पुलिस ने कपिल निवासी लतीफ गार्डन की शिकायत पर केस दर्ज किया। आरोपियों से पिकअप बरामद।
-15 मई 2017 : थाना माडल टाउन के लतीफ गार्डन से कार चोरी की। पुलिस ने सुरेन्द्र निवासी लतीफ गार्डन की शिकायत पर केस दर्ज किया। आरोपियों से कार बरामद।
-10 अगस्त 2017 : थाना मॉडल टाउन क्षेत्र शांति नगर से बीट्स कार चोरी की। पुलिस ने विपिन निवासी शांति नगर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है। आरोपियों से कार बरामद।
-दो अप्रैल 2017 : थाना मतलौडा क्षेत्र से देवीलाल चौक मतलौडा से बोलेरो चोरी की। पुलिस ने गौरव निवासी देवीलाल चौक मतलौडा की शिकायत पर मुकदमा दर्ज है।
-वर्ष 2016 में जिला कुरुक्षेत्र से एक गाड़ी चोरी की। आरोपियों से गाड़ी बरामद।
-वर्ष 2016 में जींद जिले में तीन गाड़ियां चोरी की। आरोपियों ने इनमें एक गाड़ी बरामद की।
पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर अंतर जिला वाहन चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पानीपत, जींद व कुरुक्षेत्र में वाहन चोरी की दस वारदात कबूल की हैं। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सात वाहन बरामद कर लिए हैं। इनका एक साथी अभी फरार है। जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उसे भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
विकास कुमार, प्रभारी, सीआईए-टू, पानीपत।