-जीटी रोड स्थित गार्डन में आयोजित मीटिंग में शामिल थे आरोपी
-सीआई वन ने शुक्रवार रात को दो डेरा अनुयायियों को चीली स्प्रे व चाकू समेत किया था गिरफ्तार
-पुलिस ने आरोपियों के तीसरे साथी को भी गिरफ्तार कर लिया दो दिन का रिमांड, मंगलवार को किया जाएगा अदालत में पेश
-चौथे आरोपी की तलाश में दी जा रही दबिश
-पुलिस का दावा आरोपी को भी जल्द किया जाएगा गिरफ्तार
-पुलिस की आशंका कई अन्य भी हो सकते है शामिल
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। हाली पार्क में गाड़ियों को आग लगाने वाले और शहर को आग के हवाले कर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की योजना बनाने वाले लोग एक ही गिरोह के सदस्य हैं। यह खुलासा सीआईए-वन टीम द्वारा दो दिन के रिमांड पर लिए गए आरोपियों ने किया है। दोनों आरोपियों को दो दिन के रिमांड के बाद अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं थाना मॉडल टाउन पुलिस ने हाली पार्क में खड़ी नगर निगम की गाडिय़ों को आग के हवाले करने के मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई बाइक बरामद करने का प्रयास किया जाएगा। सीआईए व मॉडल टाउन थाना पुलिस का दावा है कि उक्त लोग शहर में दंगे भड़काना चाहते थे।
टीडीआई फ्लाईओवर पर लूट की योजना बनाते पकड़े गए गांव रजापुर निवासी रिंकू व टीटू ने दो दिन के रिमांड के दौरान खुलासा किया है कि वह 20 अगस्त को जीटी रोड स्थित एक गार्डन में आयोजित डेरा अनुयायियों की मीटिंग में मौजूद थे। वहां अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई थी कि अगर डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा सुनाई जाती है तो वे शहर में आगजनी की वारदात को अंजाम देंगे। योजना के आधार पर मॉडल टाउन हाली पार्क में नगर निगम की गाड़ियों को आग के हवाले किया गया। सीआईए-वन प्रभारी संदीप कुमार का कहना है कि दो दिन के रिमांड के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि चौथा आरोपी फरार है। जिसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
नगर निगम की गाड़ियों को आग लगाने के आरोपी एक दिन के रिमांड पर
25 अगस्त को हाली पार्क पर दमकल विभाग के नजदीक नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली चार गाड़ियों को आग लगाने के तीन आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें एक दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई बाइक व अन्य साथियों के बारे में पता लगाने का प्रयास किया जाएगा। थाना मॉडल टाउन प्रभारी अमित कुमार ने मिली गुप्त सूचना के आधार पर रविवार को अलग-अलग स्थानों से हरपाल निवासी ज्योति कॉलोनी, सुनील निवासी वधावाराम कॉलोनी और पवन निवासी दीनानाथ कॉलोनी को काबू किया था। तीनों आरोपियों ने पुलिस की प्राथमिक पूछताछ में बताया कि वे सब डेरा बाबा गुरमीत राम रहीम इंसा के अनुयायी हैं। वे सीबीआई की पंचकुला कोर्ट द्वारा डेरा बाबा को साध्वी यौन शोषण के मामले में दोषी करार देने से आहत थे और उन्होंने पानीपत में दंगे भड़काने की नीयत से हाली पार्क में खड़ी नगर निगम की चार गाड़ियों में आग लगा दी थी। पुलिस ने गिरफ्तारी तीनों आरोपियों को सोमवार को अदालत में पेश किया। जहां से आरोपियों को एक दिन के रिमांड पर लिया है। थाना मॉडल टाउन प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई बाइक बरामद करने व अन्य साथियों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
विष्णु-जगमहेंद्र