पानीपत। वार्ड-26 स्थित बिशन स्वरूप कॉलोनी में मानक न पूरा करने वाली बिल्डिंगों में चल रहे कोचिंग सेंटरों का मामला उपायुक्त दरबार तक पहुंच गया है। कॉलोनी निवासियों ने इस समस्या से संबंधित ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा है। इसके अलावा उन्होंने सीएम विंडो में भी इसकी शिकायत दी है। हालांकि उपायुक्त ने तीन टीम गठित कर दी हैं, जो कोचिंग सेंटरों का सर्वे करेंगी। इसके अलावा कॉलोनी निवासियों की सुरक्षा के लिए उचित इंतजाम किया जाएगा।
बिशन स्वरूप कॉलोनी में मानक न पूरा करने वाली बिल्डिंगों में चल रहे कोचिंग सेंटरों को बंद करवाने के लिए सभी कॉलोनी निवासियों ने इकट्ठा होकर सोमवार को उपायुक्त सुमेधा कटारिया को इस बारे में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने उपायुक्त को बताया कि कॉलोनी में चल रहे कोचिंग सेंटरों में कुछ विद्यार्थी ऐसे हैं जो कॉलोनी में हुड़दंग मचाते हैं। वे कॉलोनी के सुंदरीकरण को बिगाड़ते रहते हैं। पार्कों में बैठकर जोर-जोर आवाज निकालते हैं, जिसके कारण कॉलोनी की महिलाओं को मजबूरन घर के अंदर रहना पड़ता है। जब कोई निवासी उन्हें रोकता है तो वह उन्हें जान से मारने तक की धमकी देते हैं। उनके सड़क पर वाहन खड़ा करने से निवासियों को जाम की समस्या का सामना करना पड़ता है। निवासियों ने बताया कि उपायुक्त ने उन्हें एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बोलीं उपायुक्त : उपायुक्त सुमेधा कटारिया ने बताया कि कालोनी के लोग आए थे। उन्हें सुरक्षित माहौल देने के लिए पुलिस, नगर निगम और प्रशासनिक अधिकारियों की तीन टीमें गठित की गई हैं। वह कोचिंग सेंटरों का सर्वे करेंगी और अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। कॉलोनी के लोगों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी और अगर कोई हुड़दंग करता है उस पर कार्रवाई होगी। इस सर्वे के दौरान अगर कोई कोचिंग सेंटर नियमों के विपरीत संचालित होता हुआ पाया गया तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।