पानीपत। गांव बिंझौल में वीरवार को बिजली का तार टूट कर मजदूर पर गिरने से उसकी मौके पर मौत हो गई। ठेकेदार ने परिजनों व पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों व ठेकेदार के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ऊझा रोड निवासी अनिल (22) पुत्र गरीबदास ठेकेदार वासिद के साथ पिछले 20 दिनों से काम कर रहा था। इसी के चलते 2 दिन पहले वो पत्थर रगड़ाई का काम करने के लिए गांव बिंझौल में गया था। यहां पर जिस घर में वो रगड़ाई कर रहा था, उस घर के सामने एक बाइक व साइकिल चालक की आपस में भिड़ंत हो गई थी। दोनों जमीन पर गिर गए थे। इन दोनों की मदद करने के लिए स्थानीय निवासियों सहित ठेकेदार व मजदूर भी दौड़ पड़े। इनकी मदद करने के बाद ठेकेदार वापस काम पर चला गया। इसके 5 मिनट बाद अनिल भी काम पर वापस लौटने लगा। वो वहां से उस घर के बाहर चौखट पर आ कर खड़ा हो गया, जिस घर में वो काम कर रहा था। जैसे ही वो वहां खड़ा हुआ, इसी दौरान घर के सामने से गुजर रहे बिजली के तार अचानक टूट गए और वो नीचे खड़े मजदूर अनिल पर गिर गई। बिजली का तार टूट कर गिरने से मजदूर की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 4 साल के लड़के का पिता था।
जांच अधिकारी एएसआई राजपाल सिंह ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। अब शिकायत के आधार पर कार्रवाई होगी। राजेश के भाई शुभम ने बताया कि मकान में पत्थर की रगड़ाई और टाइल लगाने का काम बाहर चल रहा था। एक मजदूर बिजली की सप्लाई के तार फेंक रहा था, इसी दौरान तार हाईटेंशन तार से टकराकर अनिल पर गिर गया और उसकी मौत हो गई।