पुलिस के जाते ही शोरूम में घुस गए चोर, चौकीदार को आता देख हथियार लहराते भागे
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। एक बार फिर पुरानी कहानी दोहराई गई। चोर आए चोरी किया और सीसीटीवी बंद मिले, नतीजतन चोरों का कोई पता नहीं। सुबह पुलिस ने नमूने लेने की औपचारिकता पूरी की। चौकीदार के मुताबिक, पालिका बाजार में कुछ समय पहले पुलिस की गश्ती टीम रवाना हुई थी। बाद में करीब ढाई बजे एक अखबार की गाड़ी की लाइट शटर पर पड़ी तो उसे शोरूम का शटर टूटा दिखा। इस पर वह उधर जाने लगा तो चोर एक वैन में बैठकर हथियार लहराते भाग निकले। शोरूम संचालक का कहना है कि, चोर शोरूम से दो एलसीडी, तीन मोबाइल व गल्ले से दो दस हजार रुपये ले गए हैं। गनीमत रही कि चोर शोरूम में रखी तिजोरी तक नहीं पहुंच सके। चौकीदार देवेंद्र की सूचना पर शोरूम संचालक वीरेंद्र उर्फ राजू चावला व मनदीप चावला निवासी बिशनस्वरूप कॉलोनी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौका मुआयना किया और सुबह वीरेंद्र उर्फ राजू चावला के साथ आसपास की दुकानों व शोरूम पर लगे सीसीटीवी की फुटेज जांची, लेकिन उस वक्त कोई भी सीसीटीवी ऑन नहीं मिला। थाना शहर पुलिस ने वीरेंद्र उर्फ राजू चावला की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
वीरेंद्र उर्फ राजू चावला ने बताया कि वह और उसका भाई मनदीप चावला शोरूम को संभालते हैं। मनदीप चावला मोबाइल की बिक्री देखता है, जबकि वह एलसीडी, फ्रिज व वाशिंग मशीन की बिक्री देखता है। वे शनिवार देर शाम को शोरूम अच्छी तरह से बंद कर गए थे। मध्य रात्रि चौकीदार देवेंद्र ने उनको फोन कर शोरूम में चोरी होने की सूचना दी। वीरेंद्र उर्फ राजू चावला ने बताया कि उसका शोरूम काफी बड़ा है और कॉर्नर पर होने के चलते दोनों तरफ गेट लगा रखे हैं। चोरों ने दुकानों की तरफ का शटर सरिया नीचे डालकर तोड़ दिया और अंदर चले गए। गनीमत रही कि, चोर शोरूम के लॉकर तक नहीं पहुंच सके।
अखबार की गाड़ी की लाइट पड़ने पर टूटा दिखा शटर
चौकीदार देवेंद्र ने बताया कि वह पालिका बाजार में चौकीदारी करता है। वह शनिवार की रात को पालिका बाजार में था। रात को करीब पौने दो बजे पुलिसकर्मी बाजार से गश्त कर गए थे। उसने उनके जाने के बाद दो गाड़ियों से अखबार उतरवाए। करीब ढाई बजे एक अन्य गाड़ी की लाइट लगने पर शटर टूटा हुआ दिखाई दिया। वह आगे गया तो कुछ लोग वैन में सवार होकर हथियार लहराते हुए भागे। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। जिसके तुरंत बाद गश्ती दल मौके पर पहुंच गया।
सीसीटीवी की फुटेज नहीं मिली, चौकीदार बोला लाइट तक नहीं
पालिका बाजार में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद विज का कार्यालय होने के साथ एक दर्जन बड़े शोरूम हैं। पुलिस रविवार सुबह एफएसएल टीम के साथ दोबारा शोरूम में पहुंची। एफएसएल की टीम ने शोरूम से नमूने उठाए और पुलिस ने आसपास के शोरूम व अन्य जगह के सीसीटीवी की जांच की, लेकिन यहां पर सीसीटीवी की फुटेज नहीं मिली। ईदगाह रोड निवासी चौकीदार देवेंद्र ने बताया कि वह दुकानदारों को रात के वक्त बाहर लाइट जलाकर छोड़ने का कई बार आग्रह कर चुका है, लेकिन कोई भी लाइट जलाकर नहीं जाता। नगर निगम की ओर से लगाई स्ट्रीट लाइट भी खराब पड़ी हैं। ऐसे में सामने कुछ दिखाई नहीं देता। पालिका बाजार के प्रधान कृष्ण अग्रवाल ने बताया कि सीसीटीवी व लाइट ऑन न छोड़ पाना दुकानदारों की अपनी मजबूरी है। सीसीटीवी कैमरे व स्ट्रीट लाइट लगवाने को लेकर विधायक रोहिता रेवड़ी को मांग पत्र सौंपा गया है।
वर्जन
पुलिस को पालिका बाजार स्थित एक शोरूम में चोरी होने की सूचना मिली है। पुलिस ने मौका मुआयना कर एफएसएल की मदद से नमूने उठा लिए हैं। शोरूम संचालक की शिकायत पर चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जल्द ही चोरों को काबू कर लेगी।
सुरेश वर्मा, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।