चोरों ने एटीएम का शटर काटा, कैश बचा
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। मतलौडा रेलवे फाटक स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम का शटर तोड़कर कैश चोरी करने की कोशिश की। इससे आगे बदमाश हिम्मत नहीं जुटा सके। इसके चलते लाखों का कैश बच गया। थाना मतलौडा पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार सुबह सेंट्रल बैंक के एटीएम का शटर टूटा हुआ मिला। लोगों की सूचना मिलते ही बैंक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में एटीएम सही सलामत पाया गया। बैंक मैनेजर आरके गुप्ता ने बताया कि वीरवार की रात को एटीएम का शटर बंद था। रात को 12 बजे के बाद चोरों ने एटीएम का शटर तोड़कर पैसे चोरी करने की कोशिश की, वे सफल नहीं हो सके। एटीएम में करीब सवा लाख रुपये थे। बैंक साथ होने के कारण एटीएम में कम ही पैसे रखे जाते है। मामले के जांच अधिकारी उप निरीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दो युवक हाथों में रॉड लिए हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना रात 12 बजे के बाद की है। इस घटना में बैंक का कोई नुकसान ना होने के कारण बैंक की तरफ से मुकदमा दर्ज नहीं करवाया गया। पुलिस अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही है।