देश विरोधी धमकी देने वाले समर्थक को भेजा जेल
- इससे पहले 12 डेरा अनुयायियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत।
देश को मिटाने की धमकी देने का समर्थन करने के आरोपी को जेल भेज दिया है। आरोपी को थाना शहर पुलिस ने रविवार देर शाम गिरफ्तार किया था।
इस मामले में थाना शहर पुलिस ने अब तक 13 डेरा अनुयायियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें 11 अनुयायियों को न्यायिक हिरासत में भेजा है। जबकि दो अनुयायियों से रिमांड के दौरान संदिग्धों के बारे में पूछताछ की जा रही है। दो दिन के रिमांड के बाद दोनों अनुयायियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। वहीं पुलिस बाकी अनुयायियों की धरपकड़ में जुटी हुई है।
थाना शहर पुलिस ने रविवार देर सायं गांव रिसालू हाल फ्लोरा चौक निवासी अमित को गिरफ्तार किया था। अमित डेरा अनुयायी है और 20 अगस्त को जीटी रोड स्थित गार्डन में आयोजित मीटिंग मेें शामिल था। पुलिस ने गिरफ्तार डेरा अनुयायी को सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस का कहना है कि इस मामले में नामजद अन्य डेरा अनुयायी अभी फरार है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गार्डन संचालक की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू
धारा 144 लागू होने के बाद भी गार्डन को रेंट पर देना कानूनम जुर्म है। 20 अगस्त को जीटी रोड स्थित एक गार्डन में आयोजित डेरा अनुयायियों की मीटिंग में डेरा अनुयायियों ने भड़काऊ भाषण दिया था। इस मामले में पुलिस ने सैकड़ों डेरा अनुयायियों पर देशद्रोह, भड़काऊ भाषण देने समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस ने अब गार्डन संचालक की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
रविवार देर सायं गिरफ्तार डेरा अनुयायी को सोमवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब तक 13 डेरा अनुयायियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें 11 को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जबकि दो अनुयायी दो दिन के रिमांड पर है। जिन्हें मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा। धारा 144 लागू होने के बाद भी गार्डन को मीटिंग के लिए रेंट पर देने के आरोप में गार्डन संचालक को भी गिरफ्तार किया जाएगा।
- सुरेश कुमार, प्रभारी, थाना शहर, पानीपत।