डीजे पर नाचने के दौरान रणबीर की दो युवकों से हुई थी कहासुनी
पानीपत। पुलिस ने दो दिन के अंदर रणबीर की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। गांव नारा में शुक्रवार की रात को पड़ोस में शादी के दौरान डीजे पर नाचने के दौरान रणबीर की दो युवकों से कहासुनी हो गई थी। इसी कहासुनी में रणबीर की आरोपियों ने सिर में सीमेंट की पाइप मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने शव को खाली प्लाट में फेंक दिया। आरोपी इस दौरान शराब की हालत में थे। आरोपियों की पहचान देवेंद्र उर्फ अंकित पुत्र धर्मबीर सिंह निवासी गांव नारा व नवीन उर्फ श्यामा पुत्र ओम प्रकाश निवासी नारा के रूप में हुई है।
सीआईए-टू प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि मतलौडा क्षेत्र के अंतर्गत गांव नारा में रणबीर पुत्र दयासिंह निवासी नारा की अज्ञात आरोपियों ने सीमेंट के पाइप से सिर पर वार कर हत्या की थी। जिसकी शिकायत मृतक के चचेरे भाई सुलतान पुत्र महासिंह निवासी नारा ने पुलिस को दी थी। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद से तफतीश में आरोपियों के खिलाफ हत्या के अलावा एससी एसटी एक्ट की धारा 3 (2) (5) के तहत भी जुर्म होना पाया गया है।