ट्रक चालक को 430 किलो ज्यादा कोयला के साथ पकड़ा
पानीपत। आईओसीएल पानीपत में कोयला चोरी का मामला पकड़ा गया है। सीआईएसएफ के एक अधिकारी एक ट्रक चालक को इस आरोप में पकड़ा है। ट्रक का दोबारा वजन कराने पर करीब 430 किलो ज्यादा कोयला मिला। थाना मतलौडा पुलिस ने सीआईएसएफ अधिकारी के बयानों के आधार पर करनाल निवासी ट्रक चालक पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार एएसआई राजबीर सीआईएसएफ यूनिट आईओसी पानीपत ने थाना मतलौडा पुलिस को शिकायत दी है। उन्होंने ट्रक चालक कश्मीर सिंह निवासी करनाल पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि कश्मीर सिंह के कोयला ट्रक का वजन कराया गया तो उसका वजन 47.79 टन था। उसको ट्रक चालक पर शक हुआ और उसका दोबारा वजन कराया तो 48.22 टन कोयला मिला। जिसमें 430 किलोग्राम अतिरिक्त कोयला मिला। पुलिस ने एएसआई की शिकायत पर चालक कश्मीर सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी एएसआई कुलबीर ने बताया कि पुलिस आरोपी की धरपकड़ में लगी हुई है और आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।