गांव गढ़ सरनाई निवासी मजदूर विकास को मिली 10 लाख की फिरौती व जान से मारने की धमकी में पानीपत पुलिस ने 27 अगस्त को सुरक्षागार्ड दिया था। विकास ने आरोप लगाया कि गार्ड ने पूरी रात शराब पीकर पूरे परिवार को जगाए रखा और 2 डिब्बी सिगरेट व चार पैकेट बिड़ी पी गया। वहीं सुबह होने वह खुद घर से चला गया। वह थाने पहुंचा और गार्ड वापस लेने की मांग की। जिसके बाद पुलिस ने गार्ड को वापस ले लिया।
गढ़ सरनाई निवासी विकास ने बताया कि 21 अगस्त को अज्ञात नंबर फिरौती की कॉल आई थी। फोनकर्ता ने खुद को काला जठेडिया बताया था। उसने 10 लाख की मांग की थी और न देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। उन्होंने 27 अगस्त को थाना प्रभारी कमलजीत से मिलकर सुरक्षा के लिए गनमैन की मांग की थी, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा के लिए गनमैन मिल गया। आरोप है कि गनमैन रात को शराब पीकर घर पहुंचा और छोटे भाई को देकर अंग्रेजी शराब व नमकीन मंगवाई। घर में भी शराब पीनी शुरू कर दी। उसने पूरे परिवार को नीचे बैठाया और बंदूक लोड करके उसकी छाती पर रख दी। हिलने ढुलने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। गनमैन दो डिब्बी सिगरेट व चार बंडल बीड़ी के पी गया। उसने बाथरुम तक जाने नहीं दिया। भाई ने वीडियो बनाने का प्रयास किया, लेकिन गनमैन ने फोन छीन लिया। पूरी रात जगाने के बाद गनमैन सुबह खुद चला गया।
थाने जाकर की शिकायत, कहा जनाब अपना सिपाही वापस ले लो-
विकास ने गनमैन से परेशान होकर उसे वापस करने का फैसला किया। वह अगले दिन सुबह थाने पहुंचा और थाना प्रभारी से गनमैन की आरोप लगाते हुए शिकायत की। उन्होंने गुहार लगाई कि गनमैन वापस ले लो, वह मजदूर है, नहीं संभालपाएंगे। जिसके बाद थाना प्रभारी ने उनकी बात सुनते हुए उसे वापस ले लिया।
दूसरा गनमैन देने के लिए कहा, लेकिन मना कर दिया-
परिवार उनके पास आया था, परिवार ने कहासुनी होने की बात कहकर गनमैन को वापस लेने की अपील की थी। उन्होंने दूसरा गनमैन देने के लिए कहा था, लेकिन वह मना कर गए। अगर उन्हें कोई परेशानी हुई तो वह जांच कराएंगे।
- कमलजीत, थाना प्रभारी, सेक्टर 13-17