मॉडल टाउन स्थित फाइनेंस कंपनी को 1.43 लाख रुपये लोन चुकाकर दो युवक फर्जी साइन करके करीब 6 तोला सोने के गहने उठाकर ले गए। मोबाइल में मैसेज आने पर पीड़ित शनिवार को ब्रांच में पहुंचा। तब फाइनेंस कंपनी के प्रबंधन और गहनों के सही मालिक को ठगी होने पता चला। हालांकि इस दौरान दोनों ठग सीसीटीवी में कैद हो गए।
हरि नगर निवासी सुशील पुत्र बलवान ने बताया कि मॉडल टाउन स्थित फाइनेंस कंपनी की ब्रांच से जनवरी से अप्रैल के बीच दो बार में 1.30 लाख रुपये का गोल्ड लोन लिया था, इसके एवज में 6 तोला से ज्यादा गहने गिरवी रखे थे। करीब 15 दिन पहले रसीद खो गई थी। इस पर ब्रांच में गए तो उन्होंने एक स्टांप और दो गारंटर लाने की बात कही। 18 सितंबर दोपहर को मोबाइल पर दो मैसेज आए, लेकिन यह मैसेज 20 सितंबर को देखे। पता चला कि करीब 1.43 लाख रुपये लोन चुकाकर ब्रांच से गहने छुड़ा लिए गए हैं, जबकि वह फाइनेंस कंपनी में गए ही नहीं। शनिवार को ब्रांच में गए तो पता चला कि फर्जी साइन करके दो युवक गहने ले गए। मॉडल टाउन थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ जालसाजी का केस दर्ज कराया है। सीसीटीवी कैमरे में दो युवक आ रहे हैं, उनको पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।