मॉडल टाउन में हाली पार्क स्थित निर्माणाधीन हाली झील में रविवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में डेढ़ साल के मासूम की बहुत ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब श्रमिक मां अपने डेढ़ साल के बेटे को सीमेंट के खाली कट्टो पर सुलाकर कमरे में ही अपने कान दर्द की दवा लेने चली गई। मां जाते हुए उसकी 7 साल की बड़ी बेटी को सो रहे बच्चे की निगरानी में लगा गई थी। मां के जाने के बाद नशे में धुत एक चालक जेसीबी को तेज रफ्तार से चलाता हुआ आया व उसने सो रहे मासूम के सिर पर जेसीबी चढ़ा दी। हादसे के वक्त बहन का ध्यान उसके भाई की ओर नहीं था, लेकिन हादसा होते ही आवाज सुनकर उसने भाई की ओर देखा, तो वो एक दम से चिल्लाने लगी। जेसीबी के टायर के नीचे मासूम को देख व बच्ची के चिल्लाने की आवाज सुनकर आरोपी चालक मौके से भागने लगा। इसी दौरान भतीजी की चिल्लाने की आवाज सुनकर पास में काम कर रहा चाचा वहां पहुंचा, जिसने एक दम से भाग रहे चालक को मौके पर ही पकड़ लिया।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंची व आरोपी व जेसीबी को हिरासत में ले लिया। पोस्टमार्टम करवा कर मासूम के शव को परिजनों को सौंप कर, पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई।
9 दिन पहले ही आए थे पानीपत, पिता है राज मिस्त्री, मां है मजदूर:
रोती बिलखती दादी प्रेमबाई ने बताया कि वें मूल रूप से मध्यप्रदेश के जिला छत्तरपुर के गांव ढेरी पनौठा के रहने वाले हैं। उनका जानकार दयाराम, निर्माणाधीन हाली झील में बतौर मजदूर काम करता है। 24 अगस्त को दयाराम ने बताया कि यहां और भी मिस्त्री, मजदूर की जरूरत है, तो ये सुन कर पानीपत आए थे। यहां पर, दादा भगवानदास, दादी प्रेमबाई, पिता कन्हैया लाल, मां गणेशबाई अपने 4 बच्चों सहित पानीपत आए थे। कन्हैया व गणेशी, 7 साल की बड़ी बेटी चमेली, 5 साल के बेटे अभिषेक, 3 साल के बेटे अनिंद व डेढ़ साल के मासूम कमलापथ के साथ यहां आए थे। यहां पर कन्हैया मिस्त्री सहित दादा, दादी व पत्नी मजदूर श्रमिक है।
सोच से भी परे: क्या बीती होगी मासूम पर, जब चढ़ा होगा जेसीबी का टायर:
हम सब सिर्फ इस पूरे मामले को समझ सकतें है, दुख प्रकट कर सकतें हैं, लेकिन ये सोच से भी परे है कि क्या बीती होगी उस मासूम पर, जब सोते हुए उसके सिर पर हजारों किलो वजनी जेसीबी अचानक से चढ़ गई होगी। बेशक, मासूम की मौत पल भर में ही हो गई हो, लेकिन वो पल भर भी उसके लिए कितना दर्दभरा होगा, इसका शायद अंदाजा लगाना भी मुश्किल होगा। मासूम के सिर पर जब जेसीबी चढ़ी थी, तो उसका सिर एक दम पटक गया था, जिसके बाद उसके सिर का अंदर का हिस्सा निकलकर दूर जाकर गिरा। मासूम के सिर के दो हिस्से हो गए थे।
रविवार को नहीं आया था जेसीबी ऑपरेटर
आरोपी चालक श्रवण (26) मूल रूप निवासी जिला रांची, गांव केरिया, झारखंड का रहने वाला है। उसने बताया कि उसके परिवार में कोई नहीं है, वो अकेला ही पानीपत में पिछले 12 साल से रह रहा है। पानीपत में वो गांव सिवाह निवासी व्यक्ति के घर पर रहता है, जोकि जेसीबी व मिक्सर मशीनों का ठेकेदार है। आरोपी ने बताया कि वो पेशे से सीमेंट-बजरी मिक्सर, फ्लोरी मशीन का ऑपरेटर है, लेकिन रविवार को जेसीबी चालक नहीं आया, तो वो जेसीबी को चलाने लगा। साथ ही आरोपी ने नशा कर जेसीबी चलाने का भी कबूलनामा किया।
आरोपी व जेसीबी को मौके से ही हिरासत में ले लिया गया है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर, परिजनों के बयान पर पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। आरोपी को सोमवार को कोर्ट में पेश कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- सुनिल कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।