पानीपत बस स्टैंड पर बस में चढ़ते वक्त यमुनानगर के एक पशु व्यापारी की डेढ़ लाख की जेब काट ली। पशु व्यापारी सुबह चरखी दादरी भैंस लेने के लिए जा रहा था।
उसकी दो अन्य जेब में रखे 75 हजार रुपये बच गए। बस अड्डा चौकी पुलिस ने पशु व्यापारी की शिकायत लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वारदात वीरवार सुबह करीब पौने छह बजे पानीपत बस स्टैंड पर हुई। यमुनानगर की राजाराम कॉलोनी निवासी ओमप्रकाश की रोहतक की तरफ जाने वाली बस में चढ़ते वक्त जेब काट ली। उसको बस में चढ़ते ही जेब कटने का पता चल गया।
उसने बस अड्डा चौकी में तुरंत सूचना दी और बस को चौकी के बाहर ही रुकवा लिया। पुलिस ने बस के यात्रियों की भी तलाशी ली और फिर बस स्टैंड पर मिले संदिग्ध लोगों की तलाशी ली। ओमप्रकाश निवासी राजाराम कॉलोनी यमुनानगर ने बस अड्डा चौकी पुलिस को शिकायत दी।
उसने बताया कि वह यमुनानगर से चरखी दादरी भैंस लेने के लिए निकला था। उसका बेटा और परिवार के अन्य सदस्य बस के बजाय गाड़ी में जाने की कह रहे थे। लेकिन वह बस के सफर को बेहतर बताते हुए समझाकर आ गया। उसने बताया कि उसने डेढ़ लाख रुपये पेंट की अंदर वाली जेब और पचास हजार बराबर वाली और 25 हजार रुपये कमीज की जेब में डाल लिए।
वह पानीपत बस स्टैंड से रोहतक जाने वाली बस में बैठने लगा। बस काउंटर के बजाय उसके सामने खड़ी थी। बस की अगली खिड़की में भीड़ थी और वह पिछली खिड़की पर चला गया। वह बस में चढ़ने लगा तो कोई उसकी पेंट की अंदर वाली जेब को काटकर डेढ़ लाख रुपये उड़ा ले गया। बस अड्डा चौकी पुलिस ने उसकी शिकायत लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया।
बस स्टैंड पर यमुनानगर निवासी ओमप्रकाश की जेब काटने की सूचना मिली है। पुलिस ने बस के यात्रियों और बस स्टैंड पर मिले संदिग्धों की तलाशी ली गई। किसी के पास कुछ नहीं मिला। पुलिस ने ओमप्रकाश की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी को जल्द ही काबू कर लिया जाएगा।
जयबीर सिंह, प्रभारी, बस अड्डा चौकी, पानीपत