समालखा। कुराड़ पाना में मोहल्ले वासियों में नोकझोंक इस कदर बढ़ गई कि एक बुजुर्ग को अपनी जान गंवानी पड़ी। पुलिस के मुताबिक, रंजिश में एक मोहल्ले वाले ने पीड़ित की बाइक पर आग लगा दी और जब आग लगाने का कारण पूछा तो मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान बीच-बचाव के लिए आए पीड़ित के बुजुर्ग पिता को भी पीट दिया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेजा गया।
पुलिस को दी शिकायत में कुुराड़ पाना निवासी दीपक ने बताया कि रविवार की रात को वह परिवार के साथ सोया था। रात करीब 12 बजे घर के सामने रहने वाली चंद्रो ने बताया कि घर के बाहर खड़ी उसकी बाइक में आग लगी है। तब परिवार और पड़ोसियों के सहयोग से उसने आग को बुझाया। इसी दौरान वहां पर एक गली छोड़कर रहने वाले वार्ड-9 निवासी पड़ोसी दीपक से बाइक में आग लगाने के बारे में पूछा तो उसने मारपीट शुरू कर दी है। तभी उसका छोटा भाई विशाल और उसके माता-पिता भी वहां आ गए। उन्होंने झगड़ा शुरू कर दिया। मारपीट होते देख पिता किशन लाल (68) बीचबचाव करने लगे तो आरोपियों ने उन्हें भी पीट दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने किशन लाल को मृत घोषित कर दिया।
सोमवार सुबह एएसपी पूजा वशिष्ठ ने भी घटनास्थल पर पहुंची और पीड़ित परिवार एवं पड़ोसियों से घटना के बारे में जानकारी ली। इस दौरान एसएचओ अंकित कुमार, चौकी इंचार्ज हरिराम भी मौजूद रहे। एएसपी ने कहा कि हालांकि अभी तक पुलिस की जांच में यह सामने नहीं आया कि दोनों परिवारों के बीच रंजिश क्या थी। फिलहाल पुलिस केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।