पानीपत। पुलिस की सीआईए-थ्री टीम ने स्कूल व शराब ठेके में चोरी व बाइक चोरी के गिरोह का भंडाफोड़ कर सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने चोरी के दो गैस सिलिंडर, पांच बाइक व एक एक्टिवा बरामद की है।आरोपी अर्जुन को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और रवि व अमन उर्फ मेंढक को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सतीश वत्स ने वीरवार को जिला सचिवालय स्थित पुलिस विभाग के सभागार में मामले का पटाक्षेप किया। उन्होंने बताया कि सीआईए थ्री प्रभारी विजय कुमार की टीम ने गुप्त सूचना मिली की सेक्टर 25 पार्ट टू स्थित हनुमान चौक के पास संदिग्ध किस्म के तीन युवक से पूछताछ की थी।
उन्होंने अपनी पहचान अर्जुन उर्फ बच्ची निवासी जगजीवन राम कॉलोनी हाल कुटानी रोड, रवि निवासी गोंडा यूपी किरायेदार सिवाह व अमन उर्फ मेंढक निवासी गीता कॉलोनी असंध करनाल हाल महराणा के रूप में बताई। वे गैस सिलिंडर के बारे पूछताछ करने पर बहाने बनाने लगे। उन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ जनवरी माह में गोहली गांव के सरकारी की रसोई से चार गैस सिलिंडर, चार पतीले, दो चूल्हे भट्ठी, छह बाल्टी, दो कूकर व बर्तन चोरी करने की वारदात कबूल की। इसमें थाना सदर में स्कूल की हेड टीचर सीमा की शिकायत पर अभियोग दर्ज है। आरोपियों ने बाइक चोरी की छह व शराब ठेके में चोरी की एक अन्य वारदात को अंजाम देने बारे में स्वीकारा।
आरोपियों ने पुलिस को बताया कि गिरोह का सरगना अमन उर्फ मेंढक है। तीनों आरोपियों ने शार्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए वारदात में शामिल फरार अपने दो अन्य साथी आरोपियों के साथ मिलकर स्कूल व शराब ठेके में चोरी व बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दिया।
वे बाइक चोरी कर रिफाइनरी के नजदीक एचएसआईडीसी में झाड़ियों में छुपा देते थे। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों के कब्जे से चोरी का बचा सामान व वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने का प्रयास करेंगी।