पानीपत। शहर में बाजारों के साथ इनके प्रवेश से जुड़े सड़कों पर अतिक्रमण से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। यहां नजदीक ही पार्किंग की व्यवस्था होने के बाद भी लोग गाड़ियों को बीच सड़क पर खड़ी कर देते हैं। वहीं दुकानों के बाहर रेहड़ी व फड़ी लगने से निकलने का रास्ता नहीं मिल पाता। ऐसे में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहर में सलारजंग गेट की बात करें तो यहां तिराहे पर जाम की समस्या बनी रहती है। इसका मुख्य कारण अस्पताल व दुकानों के बाहर अवैध रूप से खड़े वाहन और दुकानों के बाहर अतिक्रमण है। इसके चलते करीब सौ फीट का चौक 15 से 20 फीट का ही रह गया है। इसमें भी ई-रिक्शा व दूसरे वाहन खड़े रहते हैं। जिसके चलते यहां दिन के समय निकल पाना भी मुश्किल हो गया है। वाहन चालकों ही नहीं पैदल लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। एसडी कॉलेज रोड टेक्सटाइल मार्केट में प्रवेश की मुख्य सड़क है। अतिक्रमण के चलते यहां पूरी चौड़ी सड़क पर रास्ता नहीं मिल पाता है। हैंडलूम दुकानदारों व शोरूम के बाहर कई-कई फीट अतिक्रमण है।