पानीपत। वार्ड नंबर 21 में शोंधापुर गांव में अब नगर निगम खिलाड़ियों के लिए बॉस्केटबाॅल और वॉलीबॉल कोर्ट बनाने जा रहा है। ये कोर्ट अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त होंगे। यहां बैठक कर खेल देखने के लिए 300 लोगों की क्षमता की दर्शक दीर्घा भी बनाई जाएगी। यहां सिंथेटिक ट्रैक ऐसे बनेंगे जिन पर खिलाड़़ी खेलते समय फिसल न सकें। खिलाड़ियों के लिए सभी सुविधाओं से युक्त चेंजिंग रूम भी बनाए जाएंगे। जिनका मैच खेलने वाली दोनों टीमों के खिलाड़ी इस्तेमाल कर सकेंगे। इनमें शौचालय से लेकर लॉकर तक की सुविधा होगी। अब तक निगम का ये प्रोजेक्ट सबसे बेहतर साबित होगा।
अब तक शहर में बॉस्केटबॉल और वॉलीबॉल के कोर्ट तो कई हैं लेकिन प्रस्तावित ये कोर्ट सबसे आधुनिक साबित होंगे। इस प्रोजेक्ट पर निगम ने करीब 83. 79 लाख रुपये खर्च करने का प्लान बनाया है। इसके डिजाइन भी तैयार कर लिए गए हैं। खेल स्टेडियम में ये कोर्ट बनने से वार्ड 21 की सभी कॉलोनियों समेत शहर भर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के कोर्ट पर अभ्यास का मौका मिल पाएगा।
ऐसे होंगे दोनों कोर्ट:
नगर निगम स्टेडियम में 105 फुट लंबा और 62 फुट चौड़ा बॉस्केटबॉल कोर्ट बनाएगा। इसके आमने सामने दो जगहों पर 60 फुट लंबी और 10 फुट चौड़ी दर्शक दीर्घा होगी। इसके एक ओर 85 फुट लंबी और 15 फुट चौडी पार्किंग बनाई जाएगी। दूसरी ओर 50 फुट लंबे और 20 फुट चौड़े दो चेजिंग रूम बनाए जाएंगे। जिसका मैच खेलने वाली दोनों टीमों के खिलाड़ी इस्तेमाल सकेंगे। यहीं पर 70 फुट लंबा और 50 फुट चौड़ा वॉलीवॉल कोर्ट बनाया जाएगा। इसके दोनों ओर 11 फुट लंबे और 5 फुट चौड़ी जगह पर दर्शक दीर्घा बनेगी। नगर निगम अधिकारियों ने इसका डिजाइन तैयार करवा लिया है। इसके अलावा यहां 200 वॉट फ्लड लाइट वाली 22 फुट की 10 हाईमास्ट लाइटें लगेंगी, जिससे रात को खिलाड़ी अभ्यास कर सकें और डे-नाइट मैच हो सकें।
स्टेडियम में ये सुविधा भी तैयार करवा रहा निगम:
निवर्तमान पार्षद संजीव दहिया ने बताया कि करीब चार एकड़ में फैले इस स्टेडियम में क्रिकेट ग्राउंड, चार प्रैक्टिस पिच, पेविलयन, स्टेज, रात के मैचों के लिए विशेष हाईमास्ट लाइटें, रेलिंग स्केटिंग कोर्ट, इंडोर स्टेडियम, टेनिस कोर्ट, बैडमिंटन कोर्ट, पार्किग, रेस्ट रूम भी बनाएं जाएंगे। इस पर करीब तीन करोड़ की लागत आने का अनुमान है। यहीं पर जिले का सबसे ऊंचा 135 फुट का पोल लगेगा। जिस पर 36 फुट लंबा और 24 फीट चौड़ा तिरंगा फहराया जाएगा।
वर्जन:
वार्ड 21 के शोंधापुर स्टेडियम में निगम बॉस्केटबॉल और वॉलीबॉल के कोर्ट बनाएगा। जिसका निर्माण खिलाड़ियों की सभी प्रकार की मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कराया जाएगा। इसका डिजाइन तैयार कर लिया गया है। इस पर करीब 84 लाख रुपये की लागत आने का अनुमान है।
राहुल पूनिया, एक्सईएन नगर निगम।