पानीपत। सरकार की ओर से प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर निगम की सफाई शाखा की टीम ने बृहस्पतिवार को शहर में अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने मॉडल टाउन एरिया में चार दुकानों के चालान किए। इनसे जुर्माने के तौर पर 7500 रुपये भी वसूल किए। वहीं, सिंगल यूज प्लास्टिक से बने सामान जब्त कर लिए। निगम की टीम ने दुकानदारों को चेतावनी के साथ हिदायत दी कि वे सिंगल यूज प्लास्टिक से बने आइटमों को इस्तेमाल न करें। वरना उनको निगम की कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। निगम की इस कार्रवाई में सफाई शाखा से एसआई रिंकू, एसआई विकास नरवाल और एएसआई राकेश शामिल रहे। टीम ने बताया कि इससे तीन दिन पहले भी उन्होंने सालारगंज गेट एरिया और इंसार बाजार मेें सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के चालान किए थे। उनका यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। निगम की सफाई शाखा के अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने निरीक्षण के दौरान 10 से ज्यादा साइटों का निरीक्षण किया। कार्रवाई के बाद निगम की टीम ने जब्त किए सामान को अपने स्टोर में रखवा लिया। अब इसका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए निगम जेबीएम कंपनी को पत्राचार कर यह सामान एजेंसी के सोनीपत स्थित वेस्ट टू एनर्जी प्लांट भिजवाएगा।
इस पर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक जितेंद्र नरवाल ने कहा कि जब तक शहर से पूरी तरह से सिंगल यूज प्लास्टिक और इससे बने आइटम बैन नहीं कर दिए जाते तब तक निगम का अभियान जारी रहेगा। इसके लिए निगम टीम रोजाना शहर का निरीक्षण कर सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई कर रही है।