पानीपत। चोरों ने निर्माणाधीन सोसायटी के फ्लैट से एसी की कॉपर और बिजली की तार चोरी कर लिए। कंपनी के सुपरवाइजर ने इसकी शिकायत सेक्टर 13-17 थाना पुलिस से की है। पुलिस ने मामले में अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अंसल सोसायटी के आसपास लगे सीसीटीवी की जांच कर रही है।
अंबाला के गांव बिंजलपुर निवासी बलराज सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह करीब एक साल से अंसल सोसायटी के गेट नंबर एक के पास स्थित सावित्री ग्रुप हाउसिंग कोऑपरेटिव कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। कंपनी की निर्माणाधीन बिल्डिंग की देखरेख करने का जिम्मा उनको दिया गया है। वह नियमित रूप से बिल्डिंग की जांच करता है। वीरवार दोपहर को वो बिल्डिंग की जांच कर रहा था। जांच में उसने पाया कि निर्माणाधीन बिल्डिंग में बने फ्लैट नंबर 102, 404, 501, 504, 603, 604, 701, 703, 704, 804 में एसी की कॉपर पाइप के बिजली का तार चोरी मिला। चोरी हुए सामान की कीमत एक लाख रुपये है।