सनौली खुर्द गांव में गली में भरा दुषित पानी। संवाद
सनौली। सनौली ब्लॉक के यमुना से सटे रामड़ा-आर गांव की मेन अड्डे वाली फिरनी गली में बरसात का दूषित पानी भरा हुआ है। गांव में आने-जाने का मेन रास्ता होने के कारण लोगों को दूषित पानी से ही आवाजाही करनी पड़ रही है।
आठ महीने पहले इस समस्या का हल करने के लिए पंचायत ने करीब 80 हजार रुपये की लागत से इसी गली को उखाड़ कर कुछ ऊंचा किया था। मगर गली में पानी भरने की स्थिति समान है। गांव में पंचायती तालाब न होने से यह समस्या बनी हुई है। ग्रामीणों ने खंड प्रशासन व सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई न करने के आरोप लगाए हैं।
ग्रामीण नसीम, महबुब, समेदीन, याकुब, सलीम, कृष्ण, सुरेश, अब्बास ने बताया कि गांव के मेन अड्डे पर फिरनी वाली गली में निकासी न होने से दूषित पानी व कीचड़ के होने से मच्छर बढ़ रहे हैं। मच्छरों के कारण घरों में लोग बीमारियों का शिकार हो रहे हैं। बीडीपीओ सनौली विभाग में पिछले वर्ष भी 10 बार जाकर पानी निकासी की समस्या हल करने की मांग की गई थी। अब फिर से इस समस्या के बारे में कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
एसईपीओ विशाल का कहना है कि गंदे पानी की निकासी व साफ-सफाई कराई जाएगी। सरपंच प्रदीप ने बताया है कि दूषित पानी की निकासी के लिए तालाब नहीं है। गंदा पानी सड़क किनारे से ओवरफ्लो होने से अब दूषित पानी मेन गली में भर गया है। जल्द ही प्रशासन के सहयोग से समस्या हल कराई जाएगी।