संवाद न्यूज एजेंसी
इसराना। पुरानी पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा ने बिजली निगम, तहसील और बीडीपीओ कार्यालय के कर्मचारियों के साथ बैठक कर रणनीति बनाई। समिति अपने जागृति अभियान के अंतर्गत जिला प्रधान विजय शर्मा की अगुवाई में पहुंची थी। उन्होंने एक सितंबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने को लेकर चर्चा की।
प्रधान विजय शर्मा ने कहा कि प्रदेश का सरकारी कर्मचारी अपने अधिकारों को लेकर जाग चुका है। वह नई पेंशन स्कीम के विरोध में लगातार लड़ रहा है। उनकी पुरानी पेंशन बहाल करने की मांग है। समिति ने एक सितंबर को पंचकूला में मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करने का फैसला लिया है।
उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए कि पुरानी पेंशन बहाल करें अन्यथा कर्मचारी संघर्ष के रास्ते पर चलने के लिए मजबूर हो जाएगा ।
इसराना यूनिट के प्रधान राकेश ने कहा कि कर्मचारी एकजुट हो चुका है और एनपीएस के खिलाफ खड़ा हो चुका है। अब वह दिन दूर नहीं है जब सरकार पेंशन बहाल करने की घोषणा करेगी । इस मौके पर देवी, महिपाल, नरेंद्र, मुकेश, विजेंद्र, देवेंद्र व प्रवीन मौजूद रहे।