पानीपत। प्रदेश सहित जिले के कॉलेजों में यूजी कक्षाओं नें ओपन काउंसलिंग के तहत चल रही तीसरे चरण की दाखिला प्रक्रिया के दूसरे दिन भारी संख्या में आवेदक दाखिला करवाने पहुंचे। हालांकि फिजिकल काउंसलिंग के पहले दिन बुधवार को पोर्टल ने चलने से विद्यार्थी पूरा दिन इंतजार के बाद शाम को मायूस होकर लौटे। वहीं गुुरुवार को भी पोर्टल ने बीच-बीच में बाधा डाली। इसके बावजूद विद्यार्थियों का दाखिले को लेकर उत्साह कम नहीं हुआ। पहले व दूसरे चरण में दाखिले से वंचित विद्यार्थियों में फीस जमा करवाने की होड़ रही। जो विद्यार्थी पहली या दूसरी वरीयता सूची जारी होने के बावजूद किसी कारण से दाखिला नहीं ले पाए, उनके पास फिजिकल काउंसलिंग में भाग लेकर दाखिला लेने का सुनहरा मौका है।
प्रदेश में 82429 विद्यार्थियों का हो चुका दाखिला
वहीं, गुुरुवार को फिजिकल काउंसलिंग के साथ नए पंजीकरण के लिए भी पोर्टल खोल दिया गया। आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 149508 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं, जबकि 82429 विद्यार्थी फीस जमा कराकर दाखिला ले चुके हैं। वीरवार को 5204 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि 8945 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। दाखिला लेने में लड़कियां आगे हैं। अब तक 49696 लड़कियां अपना दाखिला करवा चुकी हैं। शहर के प्रमुख कॉलेजों में 68 फीसदी से अधिक सीटों पर दाखिला हो चुका है। प्रदेश के 344 कॉलेजों में 87 कोर्सेज के लिए दाखिला प्रक्रिया जारी है।
पीजी कक्षाओं के लिए हुए 12287 पंजीकरण
स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 12 जुलाई से जारी है। पीजी कक्षाओं के लिए विद्यार्थी 25 जुलाई तक पंजीकरण करवा सकेंगे। प्रदेश के 208 पीजी कॉलेजों में 64 कोर्सेज के लिए 12287 विद्यार्थी पंजीकरण करवा चुके हैं। गुरुवार को 1447 आवेदकों ने पंजीकरण करवाया जबकि बुधवार को 1760 ने पंजीकरण करवाया था। दस्तावेजों की जांच 27 जुलाई तक होगी। पहली वरीयता सूची 30 जुलाई को जारी होगी। विद्यार्थी दो अगस्त तक फीस जमा करवा सकेंगे। दूसरे चरण की फिजिकल काउंसलिंग 05 अगस्त से शुरू होगी।
वर्जन-
कॉलेजों में पहले दो चरण की दाखिला प्रक्रिया के बाद अब ओपन काउंसलिंग से दाखिले किए जा रहे हैं। अब तक पंजीकरण व दाखिले से वंचित विद्यार्थी पंजीकरण करवा रिक्त सीटों पर दाखिला ले सकते हैं। कॉलेज में करीब 1558 सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। वहीं, पीजी कक्षाओं में दाखिले के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 25 जुलाई तक जारी रहेगी। विद्यार्थियों की मदद के लिए हेल्प डेस्क लगाए गए हैं।
- डॉ. जगदीश गुप्ता, आर्य पीजी महाविद्यालय, पानीपत।