सनौली। सनौली खुर्द गांव में बदहाल पुराना हरिद्वार रोड का निर्माण कार्य वीरवार को शुरू हो जाने से सैकड़ों दुकानदारों के साथ क्षेत्रवासियों को राहत मिली है। सनौली अड्डा के दुकानदारों द्वारा दस सालों से खस्ताहाल सड़क का निर्माण कराने के लिए गुहार गुहार लगा रहे थे। अमर उजाला ने नौ जून के अंक में समाचार को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था। नेशनल हाईवे 709 एडी नया बना तो सनौली खुर्द गांव के पास से बाईपास होकर निकल गया। जबकि पहले हरिद्वार हाईवे सनौली खुर्द गांव के अंदर से होकर गुजरता था।
सनौली खुर्द अड्डा से बापौली व सनौली खुर्द ब्लाकों के करीब तीन दर्जन गांवों के लोगों का आना-जाना होता है। सनौली खुर्द के अंदर से होकर जाने वाली करीब 2400 मीटर सड़क की हालत बदहाल थी। दो दिन पूर्व भी अड्डे की खस्ताहाल व पड़े रोडे़ की खबर को प्रकाशित किया गया था। जिस पर संबंधित विभाग ने सड़क निर्माण कार्य शुरू कर दिया हैं।
सनौली खुर्द अड्डा के दुकानदार राजेश त्यागी, कृष्णपाल गर्ग, मुकेश त्यागी, सतीश, घनश्याम गर्ग, प्रमोद त्यागी, विजय खनेजा ने बताया कि खस्ताहाल सड़क के कारण ग्रामीणों का सड़क से गुजरना दूभर हो गया था। जिसके दस साल बाद निर्माण कार्य को शुरू किया गया है। इस बदहाल सड़क से उनको दस सालों से भारी परेशानी से गुजरना पड़ा हैं। अब इस सड़क के दोनों किनारे पर गंदा नाला भी बनवाया जाए ताकि सड़क लंबे समय पर चल सके।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सविता पान्नू ने कहा कि ठेकेदार से सनौली खुर्द के अंदर से होकर जाने वाली सड़क पर का निर्माण का कार्य सुचारू रूप से शुरू हो गया है। एक सप्ताह में ठेकेदार द्वारा इस 2400 मीटर सड़क का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। वहीं गंदे पानी निकासी के लिए सड़क किनारे दुकानों के आगे बने गंदे नाले की साफ सफाई कराने व गंदा पानी सड़क पर रोकने को लेकर पंचायत से कहा गया है। दुकानदार व घरों से पानी सड़क पर न छोड़ें अन्यथा नोटिस देकर विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।