पानीपत। पेट्रोल पंपों ने दो हजार के नोट पर सशर्त देना शुरू कर दिया है। पंप संचालकों ने शर्त लगाई है कि दो हजार का तेल लेने पर ही दो हजार का नोट लिया जाएगा। इससे कम तेल लेने पर दो हजार का नोट नहीं लिया जाएगा। पंप संचालकों ने बाकायदा मशीनों पर इसका नोटिस चस्पा किया है। इसके चलते रविवार को सैकड़ों लोगों को वापस जाना पड़ा। पंप संचालकों का मानना है कि लोगों ने पेट्रोल पंपों को नोट बदलवाने का केंद्र बना लिया था।
आरबीआई ने शुक्रवार को दो हजार के नोट का चलन बंद करने का फैसला लिया था। अगले दिन शनिवार को ही लोगों ने दो हजार का नोट लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंचना शुरू कर दिया था। शाम तक पेट्रोल पंपों पर छोटे नोट खत्म हो गए थे। पेट्रोल पंपों पर रविवार को सुबह ही दो हजार के नोट लेने पर शर्त रखकर मशीनों पर नोटिस चस्पा कर दिए गए।
मोटरसाइकिल लेकर लोगों ने रविवार सुबह ही पेट्रोल पंपों पर पहुंचना शुरू कर दिया। किसी ने सौ तो किसी ने दो सौ रुपये तेल डलवाकर दो हजार रुपये का नोट पकड़ा दिया। उनको नोट वापस करने पर उन्होंने सौ या दो सौ रुपये दिए। कई ने पहले आकर दो हजार का नोट देकर सौ या दो सौ रुपये का तेल डालने की बात कही तो सेल्समैन ने मना कर दिया। इसके चलते उन्हें बिना तेल लिए वापस लौटना पड़ा।
दो हजार के नोट लेने में किसी प्रकार की दिक्कत नहीं है। कुछ लोग सौ रुपये का तेल लेकर भी दो हजार रुपये का नोट देते हैं। इससे छोटे नोटों की कमी आ गई है। लोगों को दो हजार का नोट बैंक में जमा कराना चाहिए या वे दो हजार रुपये का तेल डलवाएं।
- अंकित अनेजा, संचालक, अंकित फिलिंग स्टेशन।