पानीपत। जिले में नए कलेक्टर रेट तय कर दिए हैं। शहर में 15 से 75 प्रतिशत तक रेट बढ़ा दिए हैं। शहर में अमर भवन चौक और जीटी रोड के अलावा नेशनल हाईवे के साथ रेट अधिक बढ़ाए हैं। ग्रामीण अंचल के फ्री जोन में 20 से 25 प्रतिशत तक रेट बढ़ाए हैं। नए रेट सॉफ्टवेयर में अपलोड कर दिए हैं। अब इन्हीं रेट के आधार पर रजिस्ट्री की जाएंगी।
जिले की पांचों तहसील में नए कलेक्टर रेट तय कर दिए हैं। राजस्व अधिकारियों ने जिला स्तर पर रेट की मंजूरी के बाद निदेशालय भेजे हैं। बुधवार को दिनभर रजिस्ट्री खिड़की खाली रही। लोगों ने भी रजिस्ट्री कराने के लिए ऑनलाइन आवेदन भी नहीं किया। राजस्व विभाग की टीम ने सॉफ्टवेयर में नए रेट अपलोड करना शुरू कर दिए। बुधवार देर शाम तक रेट अपलोड करने का काम किया गया।
दावे और आपत्तियों के आधार पर कुछ कम किए : निदेशालय की गाइडलाइन पर कलेक्टर रेट 15 से 75 प्रतिशत तक बढ़ाए थे। इनके सामने 15 दावे और आपत्ति दर्ज की गई। राजस्व अधिकारियों ने इनको ध्यान में रखकर एक या दो प्रतिशत रेट कम किए हैं। मॉडल टाउन समेत कई कॉलोनियों में पुराने रेट रखे हैं। रिहायशी क्षेत्र में 15 से 60 प्रतिशत तक रेट बढ़ाए हैं। जीटी रोड और चंदौली के नजदीक प्राइवेट कॉलोनियों में 70 से 75 प्रतिशत तक रेट बढ़ाए हैं। मतलौडा तहसील के आसन कलां व सुताना और इसराना तहसील के पलड़ी गांव में फ्री जोन में रजिस्ट्री के रेट 20 प्रतिशत तक बढ़ाए हैं। लोग फ्री जोन में खेती की जमीन खरीद फैक्टरी लगा रहे हैं। वहीं सनौली के कुराड़ और जलालपुर क्षेत्र में भी 15 से 20 प्रतिशत तक रेट बढ़ाए हैं। समालखा में जीटी रोड के दोनों तरफ रेट बढ़ाए हैं। वहीं चुलकाना, महावटी रोड और बिहौली रोड पर रेट 20 प्रतिशत तक बढ़ाए हैं।